logo-image

कर्नाटक विधानसभा चुनाव: स्लीप मोड में कांग्रेस, ध्वस्त होकर रहेगा आखिरी किला - पीएम मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को कर्नाटक के लोगों से विधानसभा चुनाव में बदलाव के लिए वोट करने का आग्रह करते हुए कांग्रेस और सिद्धारमैया की सरकार पर जमकर निशाना साधा।

Updated on: 03 May 2018, 11:42 PM

highlights

  • कर्नाटक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ताबड़तोड़ रैली
  • बेल्लारी में पीएम ने कहा कर्नाटक कांग्रेस का आखिरी किला, ध्वस्त होकर रहेगा

नई दिल्ली:

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को कर्नाटक के लोगों से विधानसभा चुनाव में बदलाव के लिए वोट करने का आग्रह करते हुए कांग्रेस और सिद्धारमैया की सरकार पर जमकर निशाना साधा। 

पीएम ने कहा कि कर्नाटक में कांग्रेस 'स्लीप मोड' में चली गई है और यह उसका 'आखिरी किला' है जो ध्वस्त होकर रहेगा।

उन्होंने कहा कहा कि लोगों का जनादेश राज्य में किसानों व युवाओं का भविष्य तय करेगा।

मोदी ने कहा कि कर्नाटक में कांग्रेस 'स्लीप मोड' में है और उन्होंने राज्य के विकास के लिए दिए गए फंड का इस्तेमाल नहीं किया।

पीएम की रैली की शुरुआत केंगरी से हुई। जहां उन्होंने राज्य में त्रिशंकु विधानसभा की अटकलों को सिरे से खारिज कर दिया।

उन्होंने कहा, 'कांग्रेस का आखिरी किला भी ध्वस्त होगा। वह त्रिशंकु विधानसभा का झूठ फैला रहे हैं। यह बताता है कि बीजेपी पूर्ण बहुमत के साथ जीतेगी। सर्वे बता रहे हैं कि जेडीएस तीसरे नंबर पर होगी, इसलिए वह सरकार नहीं बना सकते। लोगों को अपना वोट बर्बाद नहीं करना चाहिए।'

बेल्लारी में एक रैली को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कांग्रेस पर दलित विरोधी, आदिवासी विरोधी और ओबीसी विरोधी होने का आरोप लगाया।

उन्होंने कहा, 'कांग्रेस केवल वोट बैंक की राजनीति करती है।'

पीएम ने कहा, 'हम ओबीसी आयोग को संवैधानिक आयोग का दर्जा देना चाहते थे लेकिन उन्होंने इसे होने नहीं दिय। वह वोट बैंक की राजनीति करते हैं। वह लोगों को जाति के आधार पर बांटते हैं।'

बेल्लारी खनन की प्रचुरता वाला इलाका है।

मोदी ने राज्य में खनन की समस्या के लिए सिद्धारमैया सरकार को जिम्मेदार बताते हुए कहा कि पिछले पांच सालों के दौरान राज्य में कोई खनन नीति ही नहीं बनाई गई।

उन्होंने कहा, 'यह चुनाव कर्नाटक के किसानों व युवाओं का भविष्य तय करने जा रहा है। यह महिला सुरक्षा के बारे में है। इसे सिर्फ विधायक का चुनाव मत मानिए, यह इससे कहीं ज्यादा है।'

बेल्लारी की रैली के बाद पीएम मोदी ने बेंगलुरू में चुनावी कार्यक्रम को संबोधित किया, जहां उन्होंने राज्य में कानून-व्यवस्था और भ्रष्टाचार के मुद्दे को प्रमुखता से उठाया।

मोदी ने कहा कि बेंगलुरू को 'कंप्यूटर कैपिटल' कहा जाता था लेकिन मौजूदा सरकार ने इसे बदलकर 'क्राइम कैपिटल' कर दिया है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस चुनावों से पहले लोगों से 'झूठे वादे' कर गुमराह करती है और जब यह सत्ता में आने में सफल हो जाती है तो सिर्फ कुछ परिवार समृद्ध होते हैं।

उन्होंने कहा, 'इस चुनाव में कांग्रेस दलितों से वोट मांग रही है। खड़गेजी (मल्लिकार्जुन खड़गे) कांग्रेस के बड़े नेता हैं। पिछले चुनाव में कांग्रेस ने वादा किया था कि वे खड़गे जी को मुख्यमंत्री बनाएंगे।'

उन्होंने कहा, 'लेकिन उन्हें किनारे कर दिया गया और मुख्यमंत्री का चुनाव गुप्त मतदान से किया गया। देखिए, उन्होंने दलितों को कैसे गुमराह किया।'
प्रधानमंत्री ने लोकसभा में कांग्रेस के नेता खड़गे पर भी हमला किया।

उन्होंने कहा, 'वे (कांग्रेस) दलितों के बारे में बात करती है, लेकिन भाजपा लोगों का विश्वास जीतती है। जब भाजपा जीतती है तो कमल खिलता है और लोग समृद्ध होते हैं, लेकिन जब कांग्रेस जीतती है तो सिर्फ कुछ परिवार चमकते हैं।'

और पढ़ें: पीएम मोदी ने एक भ्रष्ट व्यक्ति को सीएम उम्मीदवार बनाया: राहुल