logo-image

2019 चुनाव : यशवंत सिन्हा को नई दिल्ली लोक सभा सीट से उतार सकती है आम आदमी पार्टी

आम आदमी पार्टी (आप) 2019 आम चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के पूर्व नेता यशवंत सिन्हा को नई दिल्ली लोक सभा सीट से उतारने को लेकर विचार कर रही है।

Updated on: 24 Sep 2018, 07:50 PM

नई दिल्ली:

आम आदमी पार्टी (आप) 2019 आम चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के पूर्व नेता यशवंत सिन्हा को नई दिल्ली लोक सभा सीट से उतारने को लेकर विचार कर रही है। आप के वरिष्ठ नेता ने बताया कि दोनों तरफ से बातचीत चल रही है। समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, इसके अलावा पार्टी से खफा चल रहे बीजेपी सांसद शत्रुघ्न सिन्हा को पश्चिमी दिल्ली से चुनाव में खड़ा किया जा सकता है हालांकि आप नेता ने बताया कि सिन्हा बिहार में पटना साहिब लोक सभा सीट नहीं छोड़ना चाहते हैं।

पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की सरकार में केंद्रीय मंत्री रहे यशवंत सिन्हा पिछले कुछ समय से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और बीजेपी के खिलाफ लगातार बोलते रहे हैं।

आम आदमी पार्टी विचार कर रही है कि यशवंत सिन्हा के पूर्व नौकरशाह होने और उनकी छवि के कारण नई दिल्ली लोक सभा सीट से महत्वपूर्ण वोट पा सकती है। आप नेता ने कहा, 'हम चाहते हैं कि यशवंत सिन्हा नई दिल्ली सीट से चुनाव लड़ें और बातचीत भी सही दिशा में बढ़ रही है।'

इससे पहले इसी महीने नोएडा में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के खिलाफ जन अधिकार रैली के दौरान दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने यशवंत सिन्हा से लोक सभा चुनाव लड़ने की अपील की थी। यशवंत सिन्हा और शत्रुघ्न सिन्हा इस रैली में शामिल हुए थे।

केजरीवाल ने रैली को संबोधित करते हुए कहा था, 'कुछ दिन पहले यशवंत जी ने कहा था कि वह चुनाव नहीं लड़ेंगे। सर, मैं कहना चाहता हूं कि आप जैसे अच्छे व्यक्ति चुनाव नहीं लड़ेंगे तो फिर कौन लड़ेगा। जनता चाहती है कि आप चुनाव लड़ें।'

और पढ़ें : विपक्षी दल 'मोदी फोबिया' से पीड़ित, उनके पास विकास का कोई एजेंडा नहीं: अमित शाह

बता दें कि बीजेपी और पीएम मोदी के खिलाफ बयान देने वाले यशवंत सिन्हा ने इसी साल 21 अप्रैल को पार्टी को छोड़ दी थी और कहा कि वह भविष्य में किसी भी पद के दावेदार नहीं होंगे। बीजेपी छोड़ते हुए उन्होंने कहा था कि आज देश में लोकतंत्र खतरे में है।

यशवंत सिन्हा ने अंतिम बार 2009 में झारखंड के हजारीबाग लोक सभा सीट से चुनाव लड़ा था। वहीं 2014 में इसी सीट से उनके बेटे और केंद्रीय मंत्री जयंत सिन्हा ने चुनाव लड़ा था।

और पढ़ें : राफेल सौदे को लेकर राहुल गांधी ने फिर घेरा, कहा- पीएम मोदी ओलांद के आरोप का जवाब क्यों नहीं दे रहे

दिल्ली की सात लोकसभा सीटों में से पांच पर आम आदमी पार्टी ने पूर्वी दिल्ली (अतिशि मार्लेना), दक्षिणी दिल्ली (राघव चड्डा), चांदनी चौक (पंकज गुप्ता), नॉर्थ ईस्ट दिल्ली (दिलीप पांडे) और नॉर्थ वेस्ट दिल्ली (गगन सिंह) को प्रभारी नियुक्त किया था। आप सूत्रों ने कहा कि पार्टी नई दिल्ली और पश्चिमी दिल्ली लोक सभा सीटों पर दो बाहरी लोगों को उम्मीदवार बनाना चाहती है।