logo-image

डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत राम रहीम की पैरोल को लेकर विरोध

डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत राम रहीम की पैरोल को लेकर जहाँ एक और विरोध जाहिर कर रहे है। वहीं सिरसा के दिवंगत पत्रकार रामचंद्र छत्रपति के बेटे अंशुल छत्रपति ने भी राम रहीम को पैरोल देने पर आपत्ति जाहिर की है।

Updated on: 31 Oct 2022, 09:28 AM

New Delhi:

डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत राम रहीम की पैरोल को लेकर जहाँ एक और विरोध जाहिर कर रहे है। वहीं सिरसा के दिवंगत पत्रकार रामचंद्र छत्रपति के बेटे अंशुल छत्रपति ने भी राम रहीम को पैरोल देने पर आपत्ति जाहिर की है। अंशुल छत्रपति ने तो कड़े शब्दों में हरियाणा सरकार को खरी खोटी सुनाई है। अंशुल छत्रपति ने कहा कि राम रहीम के जेल से बाहर आने पर गवाहों को जान से खतरा है। उन्होंने कहा कि वे जल्द ही इस मामले में कोर्ट का दरवाजा खटखटाएंगे। आपको बता दे कि राम रहीम साध्वी यौन शोषण , पूर्व पत्रकार रामचंद्र छत्रपति और डेरा सच्चा सौदा के पूर्व प्रबंधक रणजीत सिंह हत्या मामले में पिछले 5 सालों से रोहतक की सुनारियां जेल में सजा काट रहा है। 

हरियाणा सरकार द्वारा अभी फ़िलहाल राम रहीम को दिवाली से पहले 15 अक्टूबर को 40 दिनों की पैरोल दी गई है। राम रहीम पैरोल मिलने के बाद यूपी के बागपत आश्रम में रह रहा है ।  राम रहीम इन दिनों ऑनलाइन सत्संग कर रहा है जिस पर खूब बवाल मच रहा है। हालाँकि ऑनलाइन सत्संग के जरिये राम रहीम से सियासत दान भी काफी जुड़ रहे है जिसका भी हर जगह विरोध सुनने को मिल रहा है। राम रहीम ने अब दिवाली के दिन ही एक नया गाना लांच किया है। राम रहीम की पैरोल को लेकर पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट के एडवोकेट एचसी अरोड़ा ने हरियाणा के चीफ सेक्रेटरी को लीगल नोटिस भेजा है। उन्होंने राम रहीम की पैरोल तत्काल रद्द करने की मांग की है। इसके अलावा राम रहीम के दिवाली पर रिलीज गाने 'नित दी दिवाली' पर भी रोक लगाने की मांग की है। एडवोकेट ने कहा कि पैरोल पर बाहर आए डेरा प्रमुख को लोकप्रियता हासिल करने की अनुमति नहीं दी जा सकती है।

अंशुल छत्रपति ने कहा कि दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्ष स्वाति मालीवाल ने राम रहीम की पैरोल को लेकर पीएम नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर पैरोल के नियमों  को सख्त करने के लिए संज्ञान लेने की गुजारिश की है। स्वाति मालीवाल ने बयान जारी किया है कि इस कार्रवाई के बाद उन्हें सोशल मीडिया पर धमकियां मिल रही है। अंशुल छत्रपति ने कहा कि डेरा प्रमुख राम रहीम और डेरा अनुयायियों का चरित्र ही लोगों को धमकियां देने वाला रहा है। उन्होंने कहा कि राम रहीम को पैरोल देकर हरियाणा सरकार राम रहीम की मदद कर रही है। सत्ता पक्ष की मदद से ही अब दोबारा से डेरा प्रेमियों के हिंसक घटनाओं को अंजाम देने के इरादे भी बुलंद हो रहे है। उन्होने कहा कि डेरा प्रेमी एक बार फिर हिंसक घटनाओं को अंजाम दे सकते है। उन्होंने कहा कि राम रहीम के जेल से बाहर आने पर गवाहों को जान का खतरा है। उन्होंने कहा कि वे राम रहीम की पैरोल के खिलाफ जल्द ही कोर्ट का दरवाजा खटखटाएंगे।