logo-image

एशियन एथलेटिक्स चैंपियनशिप: सुधा सिंह ने स्टीपलचेज में जीता गोल्ड

22वीं एशियाई एथलेटिक्स चैंपियनशिप में शनिवार को सुधा सिंह ने बाजी मारी। सुधा सिंह ने 3000 मीटर बाधा दौड़ में गोल्ड मेडल हासिल किया।

Updated on: 08 Jul 2017, 09:26 PM

नई दिल्ली:

भुवनेश्वर में जारी 22वें एशियाई एथलेटिक्स चैंपियनशिप में शनिवार को भारत के नाम एक और स्वर्ण पदक आया। सुधा सिंह ने 3000 मीटर स्टीपलचेज में गोल्ड मेडल हासिल किया।

सुधा ने अपनी दौड़ को 9 मिनट 59.47 सेकेंड में पूरी की। इससे पहले भारत दूसरे दिन शुक्रवार को चार गोल्ड मेडल जीतने में कामयाब रहा है। भारतीय एथलीटों ने 400 मीटर में पुरूष और महिला दोनों वर्गों में गोल्ड मेडल जीता है।

रियो ओलम्पिक-2016 के बाद चोटों और बीमारियों से जूझ रहीं सुधा अपने प्रदर्शन से खुश दिखीं।

सोने का तमगा हासिल करने के बाद उन्होंने कहा, 'ओलम्पिक के बाद मैं पांच महीनों तक खेल से दूर रही। जब मैंने अभ्यास करना शुरू किया तब भी मैं अच्छा नहीं कर पा रही थी। दिसंबर में मैंने राष्ट्रीय शिविर में हिस्सा लिया और धीरे-धीरे रफ्तार पकड़ी।'

और पढ़ेंः एशियन एथलेटिक्स चैम्पियनशिप: भारतीय धावकों का धमाल, निर्मला, अनस, चित्रा, अजय ने जीता गोल्ड

उन्होंने कहा, 'इस चैम्पियनशिप में एशिया के शीर्ष खिलाड़ी नहीं आए हैं इसलिए यहां का स्तर मेरे हिसाब से थोड़ा कम था।'

इस ओलम्पियन ने कहा, 'मैं दो ओलम्पिक में हिस्सा ले चुकी हूं और कुछ हासिल करना चाहती हूं। मैं अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतना चाहती हूं। मेरा लक्ष्य एशियन चैम्पियनशिप में अच्छा प्रदर्शन करना था। अब मैं अगले महीने होने वाली विश्व चैम्पियनशिप में अच्छा प्रदर्शन करना चाहती हूं।'

इस स्पर्धा में भारत की एक अन्य धाविका पारुल चौधरी को चौथा स्थान मिला। पारुल निराशाजनक तौर पर 10.22.99 मिनट का समय निकाल सकीं।

(IANS इनपुट के साथ)