logo-image

अंबानी के जेट से आज मुंबई आएगा श्रीदेवी का पार्थिव शरीर, दुबई में हुआ निधन

आधिकारिक सूत्रों के मुताबिक श्रीदेवी का पार्थिव शरीर रविवार रात तक अनिल अंबानी के जेट से मुंबई लाया जाएगा जहां उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।

Updated on: 26 Feb 2018, 07:40 AM

नई दिल्ली:

दिग्गज अभिनेत्री श्रीदेवी का पार्थिव शरीर अनिल अंबानी के प्राइवेट जेट से मुंबई लाया जाएगा। भारतीय उद्योगपति अनिल अंबानी ने बॉलीवुड अभिनेत्री श्रीदेवी के पार्थिव शरीर को भारत लाने के लिए अपना विमान दुबई भेज दिया है। सूत्रों ने बताया कि रिलायंस ट्रांसपोर्ट एंड ट्रैवल लिमिटेड के 13 सीटों वाले निजी विमान (एम्ब्राएर-135बीजे) ने रविवार दोपहर लगभग 1.30 बजे मुम्बई से दुबई के लिए उड़ान भरी।

श्रीदेवी का पार्थिव शरीर सोमवार को दुबई से मुंबई आएगा। बोनी कपूर के प्रवक्ता ने बताया कि स्वर्गीय श्रीदेवी कपूर का पार्थिव शरीर सोमवार को भारत आएगा। उन्होंने कहा हम आपको पूरी जानकारी उपलब्ध करा देंगे जब हमारे बीच उनका पार्थिव शरीर आएगा। उन्होंने अपील करते हुए कहा, इससे संबंधित सभी जानकारी के लिए हमसे संपर्क करें, हम आपको इस बारे में जानकारी दे देंगे। आपसे आग्रह है कि इसके लिए परिवार से जुड़े लोगों को कॉल न करें।

अभिनेत्री श्रीदेवी का दुबई में निधन हो गया था। उन्हें इससे पहले पास के राशिद अस्पताल ले जाया गया था, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। 

अभिनेता अनिल कपूर के घर पर बॉलीवुड के दिग्गजों का आना शुरू हो गया है। श्रीदेवी की बेटी जाह्नवी को लेकर करण जौहर, शिल्पा शेट्टी, और अनुपम खेर पहुंच चुके हैं। अर्जुन कपूर भी अनिल कपूर के घर पर पहुंच चुके हैं।

श्रीदेवी के निधन से पूरा देश शोक में डूबा हुआ है। उनके प्रशंसक शोक और दुख जता रहे हैं।

अभिनेत्री सोनम कपूर के रिश्ते के भाई मोहित मारवाह की शादी में शामिल होने के लिए श्रीदेवी अपने पति बोनी कपूर और छोटी बेटी खुशी कपूर के साथ दुबई में थीं। बता दें कि मोहित की पत्नी, अनिल अंबानी की पत्नी टीना अंबानी की भतीजी हैं।

संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) में भारतीय दूतावास और दुबई में भारतीय वाणिज्यदूतावास पार्थिव शरीर को जल्द से जल्द भारत पहुंचाने के लिए परिवार की हरसंभव मदद कर रहा है।

और पढ़ें: रामगोपाल वर्मा ने ट्वीट कर कहा- मुझे नफरत है श्रीदेवी के दिल से, जो जिंदगी से हार गया

दिग्गज अदाकारा की अप्रत्याशित मौत की खबर से पूरा बॉलीवुड सदमे में है। वहीं राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत देश की अन्य शख्सियतों ने संवेदना जाहिर करते हुए दुख व्यक्त किया है।  

वहीं श्रीदेवी के देवर संजय कपूर ने कहा है कि उन्हें दिल की बीमारी नहीं थी। कपूर ने कहा कि उनके निधन से पूरा परिवार सकते में है। एक इंटरव्यू में संजय ने कहा है कि जब उनकी मौत हुई तब वह दुबई में अपने होटल के कमरे में थीं।

श्रीदेवी को 'मिस्टर इंडिया', 'नगीना', 'सदमा', 'चालबाज', 'चांदनी', 'खुदा गवाह' जैसी उनकी बेहतरीन फिल्मों के लिए याद किया जाता है। इसके अलावा उन्होंने कई क्षेत्रीय भाषाओं में भी काम किया।

पद्मश्री से सम्मानित श्रीदेवी ने 15 साल के अंतराल के बाद 2012 में 'इंग्लिश विंग्लिश' से बड़े पर्दे पर वापसी की थी। उनकी आखिरी फिल्म 2017 में आई 'मॉम' थी।

और पढ़ें: राहुल गांधी ने कहा- श्रीदेवी के अचानक निधन की खबर सुनकर हैरान हूं, उनकी आत्मा को शांति मिले