logo-image

बिहार कांग्रेस में घमासान, अशोक चौधरी ने दिल्ली बैठे नेताओं पर लगाया साजिश का आरोप

बिहार कांग्रेस में मचे घमासान के बीच प्रदेश अध्यक्ष अशोक चौधरी ने पार्टी के भीतर अपने खिलाफ साजिश किए जाने का आरोप लगाया है। चौधरी ने कहा किसी साजिश के तहत उन्हें अध्यक्ष पद से हटाने की कोशिश की जा रही है।

Updated on: 07 Sep 2017, 08:00 PM

highlights

  • बिहार कांग्रेस में मचे घमासान के बीच प्रदेश अध्यक्ष अशोक चौधरी ने पार्टी के भीतर अपने खिलाफ साजिश किए जाने का आरोप लगाया है
  • चौधरी ने कहा दिल्ली में बैठे बड़े नेता किसी साजिश के तहत उन्हें अध्यक्ष पद से हटाने की कोशिशों में लगे हुए हैं

नई दिल्ली:

बिहार कांग्रेस में मचे घमासान के बीच प्रदेश अध्यक्ष अशोक चौधरी ने पार्टी के भीतर अपने खिलाफ साजिश किए जाने का आरोप लगाया है। चौधरी ने कहा किसी साजिश के तहत उन्हें अध्यक्ष पद से हटाने की कोशिश की जा रही है।

इस बीच कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने पार्टी के नाराज विधायकों के एक समूह से मुलाकात की है। खबरों के मुताबिक विधायकों ने आलाकमान को राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) से अलग होने की सलाह दी है।

गौरतलब है कि बिहार में महागठबंधन की सरकार से जनता दल यूनाइटेड के अलग होने के बाद कांग्रेस और आरजेडी एक साथ खड़े हैं। विधायकों का कहना है कि लालू की पार्टी के साथ खड़े होने की वजह से चुनाव में उन्हें नुकसान उठाना पड़ सकता है।

चौधरी ने कहा कि पार्टी में भीतरघात का खेल चल रहा है, जिसमें पार्टी के कुछ शीर्ष नेता भी शामिल हैं। बिहार कांग्रेस में मतभेद गुरुवार को उस समय खुलकर सामने आ गया जब कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष चौधरी ने अपने ही कुछ शीर्ष नेताओं पर पार्टी में मतभेद पैदा करने का आरोप लगा दिया।

पटना में संवाददाताओं से चर्चा में प्रदेश कमेटी में मतभेद के एक प्रश्न के उत्तर में उन्होंने कहा, 'ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी के बड़े नेता ही इस सारे खेल को खेल रहे हैं। कुछ बड़े नेता अपने चहेतों को बिहार में पार्टी का अध्यक्ष बनाना चाहते हैं और इसकी कवायद बहुत दिनों से चल रही है।'

एक क्षेत्रीय समाचार चैनल से बात करते हुए उन्होंने भावुक होकर कहा, 'पार्टी को मेरी वफादारी पर कोई शंका नहीं है, लेकिन दिल्ली में बैठे कुछ सीनियर नेता ही मुझे पद से हटाने के लिए सारा खेल रच रहे हैं। अगर ऐसे में मुझे पद से हटाया जाता है तो आहत होना लाजिमी है।'

रेलवे होटल घोटाला: सीबीआई ने लालू यादव और तेजस्वी को भेजा समन, पूछताछ के लिए बुलाया

उन्होंने कहा कि पिछले 25 वषरें से मेहनत कर पार्टी को यहां तक पहुंचाया और अब उन्हीं पर पार्टी तोड़ने का आरोप लगाया जा रहा है।

पूर्व शिक्षा मंत्री ने कहा, 'महागठबंधन में जब मैं मंत्री पद पर था, तब भी लोग खुश नहीं थे और अब तो मैं मंत्री भी नहीं हूं। अब मुझ पर पार्टी तोड़ने का आरोप लगाया जा रहा है।'

उन्होंने कहा कि उन्हें प्रदेश अध्यक्ष पद से हटाने के लिए इस तरह के आरोप लगाए जा रहे हैं।

बिहार में कांग्रेस में टूट की खबरें पिछले कई दिनों से यहां की राजनीति में चर्चा में हैं। कहा जा रहा है कि इसी खबर के कारण पार्टी उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने सभी 27 विधायकों को दिल्ली बुलाया है और सभी से पूरे मामले में जानकारी ले रहे हैं।

रेलवे होटल घोटाला: सीबीआई ने किया लालू और तेजस्वी को तलब