logo-image

आसामान से बरस रही आफत, देश के कई हिस्सों में 'जलप्रलय' का खतरा

कई दिनों से हो रही बारिश ने उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, बिहार, असम, केरल और मुंबई जैसे राज्यों को पानी-पानी कर दिया है।

Updated on: 28 Jul 2018, 06:31 PM

नई दिल्ली:

देश के कई हिस्सों में बारिश ने कहर मचाया हुआ है। कई दिनों से हो रही बारिश ने उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, बिहार, असम, केरल और मुंबई जैसे राज्यों को पानी-पानी कर दिया है। कई जगह लोग जलजमाव से त्राहिमाम कर रहे हैं तो कई जगह बाढ़ की स्थिति पैदा होने से लोग पलायन को मजबूर हो गए हैं।

यूपी में बारिश ने मचाया तांडव

उत्तर प्रदेश में पिछले दो दिनों से भारी बारिश हो रही है। सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, कासगंज, मेरठ, मैनपुरी, बरेली, कानपुर देहात, मथुरा, गाजियाबाद, हापुड़, रायबरेली, जालौन, जौनपुर, प्रतापगढ़, बुलंदशहर, फिरोजाबाद और अमेठी में बारिश ने कई इंसानी ज़िंदगियां भी छीन ली हैं। 31 जिलों में भारी बारिश और बिजली गिरने से अबतक 58 लोगों की मौत हो गई है। सहारनपुर में सबसे ज्यादा 11 लोगों की मौत की खबर है।

उत्तराखंड में बरस रही आफत

उत्तराखंड में पिछले दिन दिनों से बारिश हो रही है। देहरादून, हरिद्वार, रुड़की और हल्द्वानी की सड़कें जलमग्न होती जा रही हैं। कई जगह सड़कें दरक रही हैं। गंगा के साथ अन्य नदियां भी उफान पर हैं। वहीं, चारधाम यात्रा मार्ग भूस्खलन से बार-बार अवरुद्ध हो रहे हैं। 

भारी बारिश की वजह से अबतक कई घर गिर गए हैं, सेब के बागन बह गए हैं। लोगों का जीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया है।

हिमाचल में बारिश ने लाया सैलाब

हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश होने से शनिवार को अधिकांश सड़कों पर यातायात अवरुद्ध है, जिसके चलते पर्यटक और यात्री फंसे हुए हैं। सबसे ज्यादा सिरमौर और कुल्लू प्रभावित हुए हैं।

अधिकारियों ने कहा कि मंडी-पठानकोट राष्ट्रीय राजमार्ग 20, जो कि यहां से 220 किलोमीटर दूर जोगिन्दरनगर तहसील के कोट्रोपी गांव के पास है, वहां वाहनों की आवाजाही बंद रखी गई। हालांकि, आंशिक रूप से फिर से खोल दिया गया था, लेकिन किन्नौर जिले में यातायात अभी भी बंद है।

और पढ़ें : महाराष्ट्र: रायगढ़ में 500 फीट गहरी खाई में बस गिरने से 30 लोगों की मौत, पीएम मोदी ने हादसे पर जताया दुख

एक सरकारी अधिकारी ने बताया, 'बारिश से आए भूस्खलन के चलते सिरमौर जिले के अधिकांश अंदरूनी सड़कों से संपर्क टूट गया है। सिरमौर के ऊपरी इलाकों के शहरों के लिए सड़क लिंक एक या दो दिनों के भीतर बहाल होने की संभावना है।'

अधिकारियों ने कहा कि किन्नौर, शिमला, चंबा, मंडी और कुल्लू जिलों के ऊपरी इलाकों में सड़क नेटवर्क सबसे ज्यादा प्रभावित हुए हैं और उन्हें फिर से खोलने के प्रयास किए जा रहे हैं।

मौसम विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि पिछले 24 घंटों के दौरान राज्यभर में जोरदार मानसून देखने को मिला। मंडी और सिरमौर जिलों में भारी बारिश के साथ ज्यादातर जगहों पर बारिश हुई।

दिल्ली में यमुना खतरे के निशान से ऊपर

हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में भारी बारिश के कारण हरियाणा के हथिनीकुंड बैराज के अधिकारियों ने शनिवार को यमुना नदी में अतिरिक्त पानी छोड़ा। जिससे बाढ़ का खतरा मंडरा रहा है। दिल्ली में यमुना नदी का जलस्तर सुबह 10 बजे खतरे के निशान को पार कर गया।

चंडीगढ़ में एक अधिकारी ने कहा, 'शनिवार सुबह यमुना में हथिनीकुंड बैराज से 200,000 से अधिक क्यूसेक पानी छोड़ा गया था।'

केरल में बाढ़ से 20 लोगों की मौत

केरल भी इन दिनों बाढ़ की चपेट में है। यहां भारी बारिश से 14 जिले प्रभावित हुए हैं। पिछले दो सप्ताह में बारिश से संबंधित घटनाओं में कम से कम 20 लोगों की मौत हो गई। साथ ही करीब एक हजार करोड़ रुपये की संपत्ति का नुकसान हुआ है।

असम में भी बाढ़ ने ढाहा कहर

असम में भी बाढ़ ने कहर बरपाया है। इस भयावह बाढ़ 63,000 से ज्यादा लोग प्रभावित हुए हैं। अबतक यहां 32 लोगों की मौत हुई है। बता दें कि 1 जुलाई को गृहमंत्री राजनाथ सिंह भी बाढ़ की स्थिति का जायजा लेने के लिए असम गये थे।

बिहार में हो रही है भारी बारिश
बिहार के अमूमन हर हिस्से में पिछले तीन दिनों से रूक-रूक कर बारिश हो रही है। हालांकि कुछ जगहों पर मौसम सुहावाना हुआ है, लेकिन कुछ जगहों पर नदियां उफान पर हैं।
इसके अलावा मध्यप्रदेश, दिल्ली, मुंबई में भी बारिश हो रही है। जिसकी वजह नदी और नालों का जलस्तर बढ़ गया है।

और पढ़ें : खतरे के निशान से ऊपर बह रही यमुना, दिल्ली में गहराया बाढ़ का खतरा

(IANS इनपुट के साथ)