logo-image

दिल्ली: बीजेपी से अरविंदर सिंह लवली की कांग्रेस में हुई 'घरवापसी'

दिल्ली में एमसीडी चुनाव से पहले कांग्रेस छोड़ भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) में शामिल होने वाले दिग्गज नेता अरविंदर सिंह लवली फिर से कांग्रेस में शामिल हो गए हैं।

Updated on: 17 Feb 2018, 08:47 PM

नई दिल्ली:

दिल्ली में पिछले साल एमसीडी चुनाव से पहले कांग्रेस छोड़ भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) में शामिल होने वाले दिग्गज नेता अरविंदर सिंह लवली फिर से कांग्रेस में शामिल हो गए हैं।

2019 लोकसभा चुनाव से पहले लवली का कांग्रेस में शामिल होना बीजेपी के लिए दिल्ली में करारा झटका साबित हो सकता है।

अरविंदर सिंह लवली दिल्ली कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष रह चुके हैं और दिल्ली की गांधी नगर सीट से विधायक भी रह चुके हैं।

कांग्रेस में फिर से शामिल होने के बाद प्रेस कांफ्रेंस में उन्होंने कहा, 'कांग्रेस छोड़कर बीजेपी में शामिल होना मेरे लिए कोई खुशी का निर्णय नहीं था। वह पीड़ा में लिया हुआ निर्णय था। विचारधारा के स्तर पर मैं वहां बेमेल था।'

बीजेपी से पार्टी में वापस लौटने पर दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री शीला दीक्षित ने कहा, 'मुझे काफी अच्छा लग रहा है कि वो वापस आ गए हैं। उन्होंने महसूस किया कि अंतिम में अपना घर ही अच्छा होता है।'

लवली के साथ अमित मलिक भी बीजेपी छोड़ कांग्रेस में शामिल हो गए हैं। अजय माकन ने कहा कि अरविंदर सिंह लवली कांग्रेस में फिर से शामिल हो गए हैं।

माकन ने कहा, 'हमें यह बताते हुए खुशी हो रही है कि लवली वापस कांग्रेस में शामिल हो गए हैं। हम उनका पार्टी में दोबारा स्वागत करते हैं।'

कांग्रेस पार्टी में दोबारा शामिल होने से पहले लवली ने राहुल गांधी से उनके निवास स्थान पर मुलाकात की।

इस दौरान दिल्ली कांग्रेस प्रमुख अजय माकन, दिल्ली के पूर्व मंत्री हारून यूसुफ और पार्टी प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला भी उनके साथ थे। राहुल गांधी ने कांग्रेस में शामिल होने पर लवली का स्वागत किया।

लवली का कांग्रेस में फिर से आना अगले साल होने वाले लोकसभा चुनाव से पहले दिल्ली में पार्टी के लिए सुखद है क्योंकि दिल्ली में लवली एकमात्र बड़ा सिक्ख चेहरा माने जाते हैं।

लवली पिछले वर्ष कांग्रेस अध्यक्ष अजय माकन से नाराज़ होकर राष्ट्रीय राजधानी में नगर निगम चुनाव से पहले बीजेपी में शामिल हो गए थे।

चार बार विधायक रह चुके लवली पहली बार 1998 में दिल्ली विधानसभा के लिए चुने गए थे।

लवली की कांग्रेस में वापसी को दिल्ली की 20 विधानसभा सीटों पर होने वाले उपचुनाव से पहले कांग्रेस के लिए बड़े प्रोत्साहन के तौर पर देखा जा रहा है।

पार्टी छोड़ने के बाद लवली ने दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री शीला दीक्षित पर निशाना साधते हुए कहा था कि वो कांग्रेस पार्टी पर 'बोझ' की तरह हैं।

और पढ़ें: रिलायंस ने AAP नेता संजय सिंह पर ठोका 5 हजार करोड़ की मानहानि का दावा