logo-image

कांग्रेस और सपा गठबंधन यूपी में 300 से अधिक सीटें जीत सकती है: अखिलेश यादव

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने चुनाव पूर्व गठबंधन की संभावनाओं को फिर से जिंदा कर दिया है।

Updated on: 03 Dec 2016, 06:47 AM

highlights

  • उत्तर प्रदेश चुनाव से पहले सपा और कांग्रेस गठबंधन को लेकर अखिलेश की हरी झंडी 
  • अखिलेश ने कहा कि सपा और कांग्रेस का गठबंधन 300 से अधिक सीटें जीत सकती है

New Delhi:

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने चुनाव पूर्व गठबंधन की संभावनाओं को फिर से जिंदा कर दिया है। चुनाव पूर्व गठबंधन को लेकर बड़ा बयान देते हुए मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा, 'उत्तर प्रदेश चुनाव से पहले अगर सपा और कांग्रेस में गठबंधन होता है तो यह गठबंधन कुल 403 विधानसभा सीटों में 300 से अधिक सीटें जीत सकता है।'

कांग्रेस के रणनीतिकार प्रशांत किशोर के समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव से मुलाकात के बाद उत्तर प्रदेश में चुनाव पूर्व गठबंधन की अटकलें लगाई जाने लगी थी। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले समाजवादी पार्टी और कांग्रेस दोनों ही अपने मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार की घोषणा कर चुकी है। 

कांग्रेस ने जहां दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री शीला दीक्षित को मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार बनाया है तो वहीं समाजवादी पार्टी अखिलेश के चेहरे के साथ चुनाव लड़ रही है। सपा और कांग्रेस दोनों ही अपने चुनाव प्रचार अभियान की शुरुआत कर चुकी है।

वहीं पिछले लोकसभा चुनाव में 80 में से 71 सीटें जीतने वाली भारतीय जनता पार्टी बिना किसी सीएम उम्मीदवार के विधानसभा चुनाव लड़ रही है। बीजेपी भी प्रदेश में परिवर्तन यात्रा निकालकर अपने चुनावी अभियान की शुरुआत कर चुकी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अभी तक परिवर्तन यात्रा की तीन रैलियों को संबोधित कर चुके हैं।

अभी तक उत्तर प्रदेश में चुनाव पूर्व गठबंधन को लेकर कोई समीकरण बनता नहीं दिख रहा है। हालांकि कांग्रेस के रणनीतिकार प्रशांत किशोर और समाजवादी पार्टी के मुखिया मुलायम सिंह के बीच हुई मुलाकात के बाद गठबंधन की संभावनाओं को बल मिलने लगा है। मुख्यमंत्री अखिलेश यादव भी कह चुके हैं कि उन्होंने गठबंधन का फैसाला नेताजी मुलायम सिंह यादव पर छोड़ दिया है।