logo-image

थम गया पंजाब और गोवा में चुनाव प्रचार, 4 फरवरी को होगा मतदान

दोनों राज्यों में 4 फरवरी को वोट डाले जाने हैं और चुनाव का परिणाम 11 मार्च को आएगा।

Updated on: 03 Feb 2017, 12:30 AM

नई दिल्ली:

पंजाब और गोवा में विधानसभा चुनाव के मद्देनज़र ज़ोर शोर से चल रहा प्रचार गुरुवार शाम समाप्त हो गया। दोनों राज्यों में 4 फरवरी को वोट डाले जाने हैं और चुनाव का परिणाम 11 मार्च को आएगा। प्रचार के आख़िरी दिन भी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने मतदाताओं को लुभाने में कोई कसर नहीं छोड़ी।

ये भी पढ़ें- गोवा: अरविंद केजरीवाल के खिलाफ एफआईआर दर्ज, दिया था पैसे लेने का बयान

पंजाब में करीब 1.98 करोड़ मतदाता 1,145 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला करेंगे। इन उम्मीदवारों में 81 महिलाएं और एक किन्नर शामिल हैं। पंजाब की सभी 117 विधानसभा सीटों के लिए शनिवार (4 फरवरी) सुबह 8 बजे से मतदान होगा।

अमृतसर लोकसभा सीट के उप चुनाव में भी 4 फरवरी को वोट डाले जाएंगे। इस उप चुनाव की जरूरत कांग्रेस की पंजाब इकाई के अध्यक्ष अमरिंदर सिंह द्वारा सतलुज-यमुना लिंक मुद्दे पर 11 नवंबर 2016 को लोकसभा से इस्तीफा देने से पैदा हुई है।

ये भी पढ़ें- गोवा विधानसभा चुनाव 2017: जानिए, कौन हैं आम आदमी पार्टी के सीएम पद उम्मीदवार एल्विस गोम्स

चुनाव में मुख्य मुकाबला सत्तारूढ़ शिरोमणि अकाली दल-भारतीय जनता पार्टी गठबंधन, कांग्रेस और मैदान में नई आई आम आदमी पार्टी के बीच है।

गोवा में सभी 40 विधानसभा सीटों पर मतगणना के लिए 1642 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। कांग्रेस 37, बीजेपी 36 जबकि आम आदमी पार्टी 39 सीटों पर चुनाव लड़ रही है। आम आदमी पार्टी गोवा में पहली बार हाथ आजमा रही है।

दोनों राज्य में विधानसभा के लिए मतदान के मद्देनज़र पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।

IANS के इनपुट के साथ।

ये भी पढ़ें- विधानसभा चुनाव 2017: EC सख्त, 3 और 4 फरवरी को पेपर में विज्ञापन नहीं दे सकते हैं राजनीतिक दल