logo-image

अमेरिका में अख़बार के दफ्तर में गोलीबारी, 5 लोगों की मौत, कई घायल

अमेरिका के मैरीलैंड में गुरुवार को एक अखबार के दफ्तर में हुई गोलीबारी में 5 लोगों की मौत हो गई और कई लोग घायल हो गए।

Updated on: 29 Jun 2018, 08:44 AM

वाशिंगटन:

अमेरिका के मैरीलैंड में गुरुवार को एक अखबार के दफ्तर में हुई गोलीबारी में 5 लोगों की मौत हो गई और कई लोग घायल हो गए। गोलीबारी मैरीलेंड के एनापोलिस में दैनिक अखबार कैपिटल गैजेट के दफ्तर में कल दोपहर में हुई थी।

पुलिस ने कहा है कि इस घटना को लेकर एक संदिग्ध जैरड वॉरेन रैमोस की पहचान करते हुए उसे हिरासत में लिया गया है।

बताया जा रहा है कि गोलीबारी के संदिग्ध व्यक्ति ने 2012 में कैपिटल गैजेट अखबार के खिलाफ मानहानि का केस दर्ज किया था लेकिन उस केस को खत्म कर दिया गया था।

अमेरिकी मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, पुलिस ने कहा कि वेस्टफील्ड एनापोलिस मॉल के नजदीक बेस्टगेट रोड से सबसे पहले गोलीबारी की जानकारी स्थानीय समयानुसार 2:35 दोपहर को हुई थी।

कैपिटल गजट के संवाददाता फिल डेविस ने गोलीबारी रूकने के तुरंत बाद ट्वीट कर कहा था, 'हमलावर ने दफ्तर के शीशे के दरवाजे से गोलियां चलाई और कई कर्मचारियों पर कई राउंड गोलियां चलाई। ज्यादा कुछ नहीं कह सकता और किसी को मृत भी घोषित नहीं कर सकता लेकिन यह सब बहुत बुरा है।'

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भी ट्वीट कर इस घटना पर दुख जताया है।

इस घटना के बाद न्यूयॉर्क पुलिस विभाग ने सभी बड़े मीडिया संस्थानों के कार्यलायों के पास सुरक्षा के मद्देनजर अधिकारियों को भेज दिया है।

व्हाइट हाउस ने इस गोलीबारी की निंदा की है और कहा है कि काम कर रहे पत्रकारों पर हमला करना सभी अमेरिकियों पर हमला करना है।

व्हाइट हाउस की प्रेस सचिव सराह सैंडर्स ने ट्वीट किया, 'एनापोलिस में हुए इस मूर्खतापूर्ण हिंसा का विरोध करती हूं। काम कर रहे निर्दोष पत्रकारों पर हिंसक हमला करना सभी अमेरिकियों पर हमला करना है। हमारी पीड़ितों और उनके दोस्तों और परिवारों के प्रति सहानुभूति है।'

कैपिटल गैजेट अमेरिका के सबसे पुराने अखबारों में एक है, जो 1884 में 'इवनिंग गैजेट' के नाम से शुरू हुई थी। यह एनापोलिस, एन्ने औरंडेल काउंटी और केंट आईलैंड में बिकता है।

और पढ़ें: तालिबान के हमले में मारे गए अफगान पुलिस के 16 जवान