logo-image

अमेरिका ने वेनेजुएला पर लगाया प्रतिबंध, राष्ट्रपति को बताया तानाशाह

वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो को अमेरिका ने तानाशाह बताते हुए उन पर प्रतिबंधों की घोषणा कर दी है।

Updated on: 02 Aug 2017, 01:02 PM

highlights

  • वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो को अमेरिका ने बताया तानाशाह
  • अंतरराष्ट्रीय समुदाय ने चुनाव को बताया अवैध

नई दिल्ली:

वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो को अमेरिका ने तानाशाह बताते हुए उन पर प्रतिबंधों की घोषणा कर दी है। अमेरिका ने यह घोषणा वेनेजुएला में रविवार को हुए आम चुनावों में हुई हिंसा और विपक्षी नेताओं पर खतरे को लेकर की है। इतिहास में ऐसा केवल चौथी बार हुआ है जब अमेरिका ने किसी देश के मौजूदा प्रमुख पर प्रतिबंध लगाया है।

वाइट हाउस की न्यूज कॉन्फ्रेंस में राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार ने कहा कि मादुरो सरकार को स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव कराने, राजनीतिक कैदियों को रिहा करने और वेनेजुएला के लोगों के सम्मान करने को कहा गया, जिसे अनसुना किया गया।

यह भी पढ़ें: वेनेजुएला में भारी हिंसा के बीच एएनसी के लिए 41 फीसदी मतदान

गौरतलब है कि वेनेजुएला में नया संविधान लिखने के लिए और राष्ट्रपति निकोलस मादुरो को असीमित शक्तियां प्रदान करने वाला विवादित चुनाव संपन्न हुआ है। अंतरराष्ट्रीय समुदाय ने इस चुनाव को अवैध करार दिया है। वेनेजुएला में इस चुनाव के खिलाफ पिछले चार महीनों के दौरान हुए विरोध-प्रदर्शनों पर हुई कार्रवाई में 120 लोगों की मौत हो चुकी है।

प्रतिबंधों की घोषणा करते हुए अमेरिकी ट्रेजरी सचिव स्टीवन ने कहा, 'रविवार के अवैध चुनावों से इस बात की पुष्टि हुई है कि मादुरो एक तानाशाह हैं, जो वेनेजुएला के लोगों की इच्छाओं को अनदेखा करते हैं। वेनेजुएला पर प्रतिबंध लगाकर अमेरिका ने साफ किया है कि हम उनके शासन की नीतियों के खिलाफ हैं और वेनेजुएला के लोगों का समर्थन करते हैं जो अपने देश में एक पूर्ण और समृद्ध लोकतंत्र वापस चाहते हैं।'

इसी बीच मादुरो ने 41.5 प्रतिशत के अधिकारिक मतदान का हवाला देते हुए रविवार को हुए चुनाव में जीत का दावा भी कर दिया है। रविवार को हुई हिंसा में भी 14 लोग मारे गए जबकि करीब 400 लोग घायल बताए जा रहे हैं।

यह भी पढ़ें: अमेरिका रूस के संबंध बिगड़े, पुतिन का 755 राजनयिकों को मास्को छोड़ने का निर्देश