logo-image

थाइलैंड: जिस गुफा में फंसे थे 12 बच्चे और कोच, अब वहां बनेगा म्यूजियम

उत्तरी थाईलैंड की जिस गुफा में 12 बच्चे और उनके फुटबॉल कोच दो हफ्ते से ज्यादा समय तक फंसे रहे थे, उसे अब संग्रहालय में तब्दील किया जाएगा।

Updated on: 12 Jul 2018, 06:15 PM

बैंकॉक:

उत्तरी थाईलैंड की जिस गुफा में 12 बच्चे और उनके फुटबॉल कोच दो हफ्ते से ज्यादा समय तक फंसे रहे थे, उसे अब संग्रहालय में तब्दील किया जाएगा। मीडिया रिपोर्ट से गुरुवार को यह जानकारी मिली।

बीबीसी की रिपोर्ट के मुताबिक, बचाव अधिकारियों ने कहा कि संग्रहालय में यह दिखाया जाएगा कि कैसे थाम लुआंग गुफा में यह अभियान चलाया गया। यह थाईलैंड में एक बड़ा आकर्षण का केंद्र होगा।

कम से कम दो फिल्म कंपनियां इस बचाव अभियान पर फिल्म बनाने की भी तैयारी कर रही हैं। बचाए गए सभी बच्चे और कोच अभी अस्पताल में हैं।

ये भी पढ़ें: प्योर फ्लिक्स एंटरटेनमेंट थाइलैंड की गुफा में चलाए गए बचाव अभियान पर बनाएगी फिल्म

एक वीडियो रिलीज किया गया, जिसमें दिखाया गया है कि बच्चे स्वस्थ हैं। लेकिन, उन्हें अभी एक हफ्ते और डॉक्टरों की निगरानी में रहना पड़ेगा।

थाई नैवी सील ने भी अभियान का फुटेज जारी किया है, जिसमें दिखाया गया है कि कैसे विशेषज्ञों ने वाइल्ड बोर फुटबॉल टीम के सदस्यों को मुश्किल अभियान के बाद गुफा से बाहर निकाला।

राहत अभियान के प्रमुख और पूर्व गवर्नर नारोंगस्क ओसोटानकोर्न ने बताया, 'क्षेत्र को जीवंत संग्रहालय बनाया जाएगा, यह दिखाने के लिए कि कैसे अभियान चलाया गया।'

उन्होंने कहा, 'एक इंटरैक्टिव डाटा बेस स्थापित किया जाएगा। यह थाईलैंड के लिए एक बड़ा आकर्षण का केंद्र बनेगा।'

बीबीसी की रिपोर्ट के अनुसार, प्रधानमंत्री प्रयुथ चान-ओछा ने कहा है कि पर्यटकों की सुरक्षा के लिए गुफा के बाहर और अंदर एहतियाती उपाय किए जाएंगे।

थाईलैंड की सबसे लंबी गुफाओं में से एक थाम लुआंग देश के उत्तर में स्थित चियांग रे प्रांत के कस्बे माए साई के पास है। यह इलाका पिछड़ा हुआ है और यहां पर्यटकों के लिए बहुत कम सुविधाएं हैं।

ये भी पढ़ें: थाईलैंड रेस्क्यू: गोताखोरों के जज्बे ने मिशन को बनाया संभव, देखें किस तरह बची बच्चों की जान