logo-image

संयुक्त राष्ट्र में पाकिस्तान ने फिर लगाया भारत पर बेबुनियाद आरोप

पाकिस्तान ने संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में स्थायी सदस्यों के हेड ऑफ मिशन के सामने बयान देते हुए भारत पर नियंत्रण रेखा पर गोलीबारी करने का आरोप लगाया है।

Updated on: 11 Nov 2016, 08:54 PM

New Delhi:

पाकिस्तान ने संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में स्थायी सदस्यों के हेड ऑफ मिशन के सामने बयान देते हुए भारत पर नियंत्रण रेखा पर गोलीबारी करने का आरोप लगाया है।

पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने कहा कि विदेश सचिव ने भारतीय सीमा की तरफ से होने वाली भारी गोलीबारी को लेकर चिंता जताते हुए कहा कि इससे पाकिस्तान में कम से कम 26 लोगों की मौत हो चुकी है।

पाकिस्तान ने कहा कि भारत 13 सालों के बाद पहली बार तोपों का इस्तेमाल कर रहा है। यूनाइटेड नेशंस मिलिट्री ऑब्जर्वर ग्रुप इन इंडिया एंड पाकिस्तान का जिक्र करते हुए कहा कि पाकिस्तान पूरी तरह से यूएनएमओजीआईपी के साथ सहयोग करते हुए मिशन को पहुंच मुहैया करा रहा है, वहीं भारत मिशन को सीमित पहुंच मुहैया कराते हुए सहयोग नहीं कर रहा है।

संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में पाकिस्तान ने कहा कि उसकी सेना 'भारत की तरफ से की गई आक्रामक कार्रवाई' का वाजिब जवाब दे रही है। साथ ही पाकिस्तान ने मिशन को सीजफायर के उल्लंघन के बारे में भी जानकारी दी।

पिछले कुछ महीनों से भारत और पाकिस्तान के आपसी रिश्तों में तनाव बढ़ा है। उरी में हुए आतंकी हमले के बाद भारत ने नियंत्रण रेखा के पार पाकिस्तानी कब्जे वाले इलाके में सर्जिकल स्ट्राइक कर आतंकी शिविरों को नष्ट कर दिया था। इसके बाद पाकिस्तान लगातार सीजफायर का उल्लंघन कर रहा है। वहीं वैश्विक मंच पर वह भारत के खिलाफ आरोप लगाता रहा है।