logo-image

लद्दाख में घुसपैठ को चीन ने किया खारिज, कहा- भारतीय सेना से झड़प की जानकारी नहीं

चीन ने बुधवार को कहा कि उसे लद्दाख क्षेत्र में अपनी सेना और भारतीय जवानों के बीच हुई झड़प के बारे में जानकारी नहीं है।

Updated on: 16 Aug 2017, 03:38 PM

highlights

  • चीन ने कहा, लद्दाख क्षेत्र में अपनी सेना और भारतीय जवानों के बीच हुई झड़प के बारे में जानकारी नहीं
  • चीनी जवानों ने मंगलवार को भारतीय सीमा के पार पांगोंग झील में प्रवेश करने की कोशिश की थी 
  • चीनी जवानों के रोके जाने पर उन्होंने भारतीय सेना पर की पत्थरबाजी

नई दिल्ली:

चीन ने बुधवार को कहा कि उसे लद्दाख क्षेत्र में अपनी सेना और भारतीय जवानों के बीच हुई झड़प के बारे में जानकारी नहीं है। चीन ने यह भी कहा कि उसके सीमावर्ती जवान हमेशा वास्तविक नियंत्रण रेखा (एलएसी) से लगे चीनी क्षेत्र में गश्त करते रहते हैं।

लद्दाख में पांगोंग झील के पास चीनी सैनिकों ने भारतीय सीमा में दाखिल होने का प्रयास किया, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच पथराव हुआ। इसके एक दिन बाद चीन ने कहा कि भारत को वास्तविक नियंत्रण रेखा (एलएसी) का पालन करना चाहिए।

चीन के विदेश मंत्रालय की प्रवक्ता हुआ चुनयिंग ने कहा, 'मुझे उसके बारे में जानकारी नहीं है। चीन के जवान सीमा पर हमेशा शांति बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध हैं।'

उन्होंने कहा, 'हम हमेशा वास्तविक नियंत्रण रेखा से लगे चीनी क्षेत्र में गश्त करते हैं। हम भारत से वास्तविक नियंत्रण रेखा का पालन करने का आग्रह करते हैं।'

और पढ़ें: अमेरिका ने कहा, डाकोला विवाद सुलझाने के लिए भारत-चीन बैठकर करें बात

भारत के लद्दाख क्षेत्र में हुई इस घटना को सिक्किम क्षेत्र के डाकोला (डोकलाम) में भारत व चीन के बीच चल रहे गतिरोध से जोड़कर देखा जा रहा है। डोकलाम में जारी गतिरोध को दो महीने पूरे हो गए।

चीनी जवानों ने भारतीय सीमा के पार पांगोंग झील में प्रवेश करने की कोशिश की। इस इलाके को फिंगर फोर या फिंगर फाइव के नाम से जाना जाता है।

चीनी जवानों के प्रयास को भारतीय जवानों ने नाकाम कर दिया। चीनी जवानों को रोके जाने के बाद उन्होंने पथराव शुरू कर दिया। भारतीय जवानों ने भी पथराव कर इसका जवाब दिया। दोनों तरफ जवानों को मामूली चोटें आने की खबर है।