logo-image

पहाड़ी पर बर्फबारी, शीतलहर की चपेट में उत्तर भारत

पहाड़ी राज्यों में हुई बर्फबारी के बाद बर्फीली हवाओं के चलने से मैदानी भागों में ज्यादातर जगहों पर तापमान में कमी आई है।

Updated on: 12 Jan 2017, 10:40 AM

नई दिल्ली:

पहाड़ी राज्यों में हुई बर्फबारी के बाद बर्फीली हवाओं के चलने से मैदानी भागों में ज्यादातर जगहों पर तापमान में कमी आई है। दिल्ली में न्यूनतम तापमान सामान्य से चार डिग्री कम 3.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। राजधानी में अधिकतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के मुताबिक, 'आंशिक बदली छाई रहेगी। दिनभर हल्की धुंध रह सकती है।' श्रीनगर में न्यूनतम तापमान शून्य से 4.1 डिग्री सेल्सियस नीचे और अधिकतम तापमान 6.2 डिग्री दर्ज किया गया।

मौसम विभाग ने अपने पूर्वानुमान में कहा कि बारिश की संभावना नहीं है और शीत लहर में 13 जनवरी के बाद कमी आएगी।

मौसम विभाग ने कहा कि शुष्क मौसम के अगले 48 घंटों के बने रहने के दौरान रात के तापमान में आगे और गिरावट आ सकती है।

हिमाचल प्रदेश के पर्यटक केंद्र शिमला और मनाली में भारी ठंड दर्ज की गई है। बुधवार को न्यूनतम तापमान क्रमश: शून्य से 3.2 डिग्री और 6.6 डिग्री नीचे दर्ज किया गया। मनाली का अधिकतम तापमान 2.8 डिग्री रहा जो सामान्य से आठ डिग्री नीचे रहा।

उत्तराखंड में बर्फबारी होने के कारण उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में शीत लहर के कारण बुधवार को ठंड में बढ़ोतरी हुई।