logo-image

UK को पछाड़कर 5वीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था वाला देश बना भारत: फोर्ब्स पत्रिका

नोटबंदी के बाद जहां एक तरफ अर्थशास्त्र के विशेषज्ञों को देश की जीडीपी ग्रोथ रेट में कमी होने की चिंता सता रही है

Updated on: 21 Dec 2016, 08:42 AM

नई दिल्ली:

नोटबंदी के बाद जहां एक तरफ अर्थशास्त्र के विशेषज्ञों को देश की जीडीपी ग्रोथ रेट में कमी होने की चिंता सता रही है वहीं दूसरी तरफ भारतीय अर्थव्यवस्था को लेकर एक अच्छी खबर भी आई है।

अंतर्राष्ट्रीय पत्रिका फोर्ब्स के एक सर्वे के मुताबिक यूनाइडेट किंगडम की अर्थव्यवस्था को पछाड़कर भारत विश्व की सबसे बड़ी पांचवी अर्थव्यवस्था वाला देश बन गया है।

अर्थव्यवस्था के लिहाज से अमेरिका पहले, चीन दूसरे, जापान तीसरे और जर्मनी चौथे स्थान पर काबिज है। ये हमारे देश के लिए बेहद खास इसलिए भी है क्योंकि एक वो दौर भी था जब यूनाइडेट किंगडम ने हमारे देश में अपना उपनिवेश स्थापित किया था और हमपर 200 सालों से ज्यादा समय तक राज किया था।

विश्व की सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्थाओं में से एक भारतीय अर्थव्यवस्था ने पिछले दो दशकों में सबसे ज्यादा तरक्की की है। वहीं दूसरी तरफ यूरोपियन यूनियन से अलग होने के विवाद की वजह से ब्रिटेन की अर्थव्यवस्था को भारी नुकसान हुआ है।

फोर्ब्स की रिपोर्ट के मुताबिक साल 2020 तक विश्व की सबसे बड़ी अर्थव्यवस्थाओं में बदलाव होगा। लेकिन पिछले एक साल में पाउंड की कीमत में 30 फीसदी की गिरावट आने के बाद ये समय 2017 में भी आ सकता है।

रिपोर्ट के मुताबिक भारतीय अर्थव्यवस्था में जहां हर साल 6-8 फीसदी की बढ़ोतरी हो रही है वहीं यूके की अर्थव्यव्स्था में हर साल महज 1-2 फीसदी की ही वृद्धि दर्ज की गई है। रिपोर्ट के मुताबिक ये दोनों देशों की अर्थव्यवस्था में ये फासला साल 2020 तक बना रहेगा।

गृह राज्य मंत्री किरण रिजिजू ने ट्वीट कर फोर्ब्स के इस सर्वे पर खुशी जताई है।

इसी साल ब्रिटेन ने जनमत संग्रह के जरिए यूरोपियन यूनियन से खुद को अलग करने का फैसला लिया था। वोटिंग में ज्यादातर ब्रिटेनवासियों ने ब्रिटेन के ईयू से अलग होन के समर्थन में अपना वोट दिया था।