logo-image

जानें कैसा है शख्स का स्वभाव, कमियां-खूबियां भी बताती हैं राशियां

हर शख्स का स्वभाव और व्यक्तिव अलग होता है। हम लोगों के बात करने के ढंग, उठने-बैठने और बोलने के तरीकों से जानते हैं कि वो शख्स कैसा है।

Updated on: 17 Nov 2016, 05:06 PM

नई दिल्ली:

हर शख्स का स्वभाव और व्यक्तिव अलग होता है। हम लोगों के बात करने के ढंग, उठने-बैठने और बोलने के तरीकों से जानते हैं कि वो शख्स कैसा है। लेकिन लोगों की राशियों के जरिए भी उनकी शख्सियत के बारे में पता लगाया जा सकता है। लोगों की कमियों और खूबियों के बारे में जानना है तो एक बार उनकी राशि जरूर पढ़ें।

1. मेष राशि

मेष राशि वाले स्वभाव से काफी प्रभावशाली होते हैं। इन्हें जिंदगी में रफ्तार काफी पसंद है। यह सभी के सामने अपनी बात खुलकर कहते हैं। यह बनावटी नहीं होते हैं और ऐसा पार्टनर ढूंढते हैं जो सभी गतिविधियों में उत्साह से भाग लें। मेष राशि वाले विश्वसनीय और इमोशनल होते भी होते हैं। इसलिए इनके साथ मज़ाक करने से पहले एक बार जरूर सोच लें।

2. वृष राशि

वृष राशि वाले काफी विश्वसनीय होते हैं। दूसरों के साथ जल्दी घुलने-मिलने वाले लोग इन्हें काफी पसंद होते हैं। इन्हें गुस्सा बहुत कम आता है, लेकिन एक बार पारा चढ़ने के बाद इन्हें काबू में करना मुश्किल हो जाता है। इन्हें कला की अच्छी समझ होती है और संगीत का शौक होता है। अगर आप इनके साथ रहना चाहते हैं तो इनसे जुड़ी हर वस्तु की तारीफ करें।

3. मिथुन राशि

इस राशि के लोग काफी बुद्धिमान और प्रतिभाशाली होते हैं। इनसे काफी ध्यान से बातचीत करने की जरूरत है। हालांकि, इन्हें मज़ाकिया लोग भी काफी पसंद है। एक ही समय में यह बहुत से काम कर लेते हैं। मिथुन राशि वाले अपना स्वभाव कभी नहीं बदलते हैं। इन्हें फालतू की बात करना बिल्कुल भी पसंद नहीं है।

4. कर्क राशि

कर्क राशि वालों का स्वभाव काफी पेचीदा होता है। इन्हें समझना थोड़ा मुश्किल होता है। इन्हें मुस्कुराने और रोने में ज्यादा वक्त नहीं लगता है। यह काफी भावुक और रोमांटिक होते हैं। इन्हें खाना काफी पसंद है। इनके संवेदनशील स्वभाव की वजह से जल्दी ठेस पहुंचती है। इन्हें अपनी चीजों से काफी लगाव होता है। इसलिए कर्क राशि वालों का सामान छूने से पहले एक बार इनसे पूछना जरूरी है।

5. सिंह राशि

सिंह राशि वाले शिष्टाचारी होते हैं। इनकी सलाह को मानने से हमेशा लाभ मिलता है। इन्हें शान-ओ-शौकत के साथ रहना काफी पसंद है। ये हमेशा आकर्षण का केंद्र रहना चाहते हैं और प्रशंसा करने पर बहुत जल्दी खुश हो जाते हैं। इनके अभिमान को कभी ठेस नहीं पहुंचाए, क्योंकि इन्हें संभालना काफी मुश्किल हो जाता है। सिंह राशि के लोगों को उदास लोग बिल्कुल भी पसंद नहीं हैं। ये लोगों की समस्या को चुटकी में दूर कर देते हैं।

6. कन्या राशि

इस राशि के लोग नियमशील होते हैं। साथ ही दूसरों की मदद को हमेशा तैयार रहते हैं। इनकी मानसिक क्षमता गजब की होती है। कन्या राशि वाले जिंदगी में हमेशा सफल होना चाहते हैं और इसके लिए पूरी मेहनत भी करते हैं। स्वभाव से शर्मीले और गंभीर होते हैं। इन्हें खुद पर पूरा विश्वास होता है और अपनी बातों को छिपाना इनकी आदत होती है।

7. तुला राशि

तुला राशि वालों का स्वभाव शांत होता है। ये लोगों की मदद करने में हमेशा आगे होते हैं। इनकी तारीफ करने से ही ये खुश हो जाते हैं। इन्हें ठाठ से जिंदगी जीना पसंद है। हालांकि, ये विवादों में पड़ने से कभी गुरेज़ नहीं करते हैं। ऐसे में कोशिश करें कि इनके साथ बहस में पड़ने से बचें। इन्हें हार बर्दाश्त नहीं होती है, लेकिन अहम फैसलों के लिए इन पर भरोसा नहीं किया जा सकता है। तुला राशि वालों को परिणामों की चिंता ज्यादा होती है। इसलिए कभी-कभी इनका प्रदर्शन काफी खराब हो जाता है।

8. वृश्चिक राशि

इस राशि के लोग काफी जुनूनी होते हैं। इनके जीवन में उत्साह होता है। साथ ही कोई भी काम जोश के साथ करते हैं। ये काफी वफादार होते हैं और जीवन का पूरी तरह से आनंद लेते हैं। इनकी नज़रों से देखें तो जिंदगी काफी खूबसूरत है। ये काफी भावुक होते हैं, जिसे एक बार मान लेते हैं तो उस पर पूरा अधिकार जमाते हैं। इनके साथ ईर्ष्या की भावना मत रखें। वृश्चिक राशि वालों को गुस्सा जल्दी आता है। इनके दिमाग में कब क्या चल रहा होता है, ये पता करना थोड़ा मुश्किल होता है।

9. धनु राशि

इस राशि के लोग खुशमिजाज़ होते हैं और शौक के साथ जिंदगी जीते हैं। आप इनके साथ हर लम्हे को आनंद से जी सकते हैं। ये दिल से खुले होते हैं और इन पर भरोसा किया जा सकता है। धनु राशि वाले सकारात्मक होते हैं। इन्हें दूसरों पर आत्मनिर्भर होना कतई पसंद नहीं है। इन्हें आजादी पसंद है और बढ़ा-चढ़ाकर बोलने की आदत होती है। ये स्पष्ट विचारों के होते हैं और लोगों को सामने अपनी बात खुलकर बोलते हैं।

10. मकर राशि

मकर राशि वाले मजबूत और आत्मनिर्भर होते हैं। यह रुढ़िवादी और व्यावहारिक होते हैं। मकर राशि वाले चाहते हैं कि सामने वाला भी उनके स्वभाव में रंग जाए। ये अपने जीवन में अपने बनाए हुए नियमों का पालन करते हैं। समाज की सेवा में हमेशा आगे रहते हैं। मकर राशि वाले अपनी बात दिल खोलकर नहीं बताते हैं। इनका स्वभाव गोपनीय होता है। ये थोड़े कंजूस होते हैं, लेकिन आपको किसी चीज की कमी भी नहीं होने देते हैं।

11. कुंभ राशि

इनका स्वभाव दोस्ताना और काफी दिलचस्प होता है। इनके पास हर विषय की जानकारी होती है, इसलिए इनसे कई घंटों तक आराम से बात कर सकते हैं। कुंभ राशि वालों का व्यक्तित्व प्रभावशाली होता है। ये परोपकारी होते हैं और समाज सेवा भी करते हैं। इनकी जिंदगी काफी रहस्यमयी होती है। इसके बावजूद ये विश्वसनीय होते हैं। कुंभ राशि वालों को समझना काफी मुश्किल होता है। इनका विचार हर पल बदलता रहता है। ये चंचल स्वभाव के होते हैं, इसलिए बहुत जल्दी बोर हो जाते हैं। ये अपने दिल की बात लोगों को बताना पसंद नहीं करते हैं। ये बहुत जल्दी और आसानी से दूसरों से अलग हो जाते हैं।

12. मीन राशि

ये स्वभाव से आकर्षक और संवेदनशील होते हैं। मीन राशि वाले दूसरों के स्वभाव की कद्र करते हैं, लेकिन इनकी भावनाओं को तवज्जो देना भी जरूरी है। इन पर आंख बंद करके भरोसा किया जा सकता है। इनके पास बहुत ज्यादा ज्ञान होता है। ये सपनों की दुनिया में रहना पसंद करते हैं और ख्यालों में खोए रहते हैं। इन्हें ऐशो-आराम की जिंदगी पसंद है।