logo-image

उत्तर भारत में जारी है शीतलहर का प्रकोप, उत्तर प्रदेश में 9 लोगों की मौत

जम्मू एवं कश्मीर के कारगिल में न्यूनतम तापमान शून्य से 15.6 डिग्री सेल्सियस नीजे दर्ज किया गया।

Updated on: 14 Jan 2017, 09:16 PM

नई दिल्ली:

पूरे उत्तर भारत में शीतलहर का प्रकोप जारी है। उत्तर प्रदेश में शीतलहर की चपेट में आने से नौ लोगों की मौत हो गई। हिमाचल प्रदेश के केलॉन्ग में न्यूनतम तापमान शून्य से 13.9 डिग्री सेल्सियस नीचे तथा जम्मू एवं कश्मीर के कारगिल में न्यूनतम तापमान शून्य से 15.6 डिग्री सेल्सियस नीजे दर्ज किया गया।

वहीं राष्ट्रीय राजधानी में मौसम का अब तक का सबसे कम तापमान दर्ज किया गया। मौसम कार्यालय के मुताबिक, हिमाचल प्रदेश तथा जम्मू एवं कश्मीर में 15 तथा 16 जनवरी को एक बार फिर बारिश व बर्फबारी की संभावना है।

ये भी पढ़ें- मकर संक्रांति के दिन बढ़ा ठंड का कहर, दिल्ली से चलने वाली 25 ट्रेनें लेट

मौसम विभाग ने आगामी कुछ दिनों में मौसम के और सर्द रहने का अनुमान जताया है, क्योंकि पारा और लुढ़कने वाला है। क्षेत्रीय मौसम विभाग के निदेशक जे.पी.गुप्ता ने कहा कि साइबेरियाई क्षेत्र से चल रही हवाओं और पश्चिमी विक्षोभ की वजह से ठंड बढ़ी है।

मौसम विभाग के मुताबिक, 19 जनवरी तक तापमान में गिरावट जारी रहेगी, लेकिन इसके बाद मौसम की स्थिति में सुधार होगा।

लखनऊ में तापमान सामान्य से सात डिग्री सेल्सियस नीचे रहा। यहां राज्य में सर्वाधिक ठंड पड़ रही है। यहां न्यूनतम तापमान 0.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो कई वर्षो का सबसे न्यूनतम तापमान है।

उत्तर प्रदेश में अधिकारियों ने शनिवार को कहा कि शीतलहर से मरने वाले लोगों की पहचान कर ली गई है। ये लोग कन्नौज और कानपुर देहात के हैं। क्षेत्रीय मौसम विभाग ने शीतलहर को 'अप्रत्याशित' करार दिया है। कुछ क्षेत्रों में तापमान शून्य से नीचे लुढ़क गया।

ये भी पढ़ें- मैदानी इलाकों में ठंड का कहर, दिल्ली में 2 डिग्री तो राजस्थान में पारा शून्य से नीचे

कक्षा एक से आठवीं तक के सभी स्कूल 16 जनवरी तक के लिए बंद कर दिए गए। कानपुर और सुल्तानपुर जिलों में 1.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। उधर,कश्मीर घाटी में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। घाटी 40 दिनों से कड़ाके की ठंड-चिल्लई कलां से गुजर रहा है, जो 21 दिसंबर को शुरू हुआ था और 30 जनवरी को खत्म होगा।

घाटी के तामाम जलाशय पूरी तरह या आंशिक रूप से जम चुके हैं। गुलमर्ग में न्यूनतम तापमान शून्य से 14.4 डिग्री सेल्सियस नीचे, जबकि पहलगाम में न्यूनतम तापमान शून्य से 12 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया।

हिमाचल प्रदेश के अधिकांश हिस्सों के यही हालात हैं। शिमला, नरकंडा, कुफरी, कल्पा, डलहौजी तथा मनाली में आने वाले दिनों में हल्की से मध्यम बर्फबारी की संभावना है। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में शनिवार सुबह भी कड़ाके की ठंड रही। यहां न्यूनतम तापमान सामान्य से चार डिग्री कम 3.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।