logo-image

खेल मंत्रालय ने भारतीय ओलिंपिक संघ पर लगाया गया प्रतिबंध हटाया

आईओए ने घोटालों के आरोपी सुरेश कलमाड़ी और अभय सिंह चौटाला को आजीवन अध्यक्ष पद से हटाने का फैसला किया है।

Updated on: 13 Jan 2017, 08:25 PM

नई दिल्ली:

खेल मंत्रालय ने शुक्रवार को भारतीय ओलम्पिक संघ (आईओए) पर लगाया गया प्रतिबंध हटा लिया। आईओए ने घोटालों के आरोपी सुरेश कलमाड़ी और अभय सिंह चौटाला को आजीवन अध्यक्ष पद से हटाने का फैसला किया है।

आईओए ने 27 दिसंबर को हुई अपनी वार्षिक आम बैठक में एक बिल पास कर कलमाड़ी और चौटाला को अपना आजीवन अध्यक्ष नियुक्त किया था। उसके इस फैसले की काफी आलोचना हुई थी। इस मामले को लेकर सरकार ने आईओए को कारण बताओ नोटिस भी दिया था। नोटिस देने के बाद मंत्रालय ने आईओए पर प्रतिबंध लगा दिया था।

प्रतिबंध के कारण आईओए, 'सरकार और राष्ट्रीय ओलम्पिक समिति (एनओसी) से मिलने वाली मदद से वंचित हो गया था। इन सब विवादों के बाद नौ जनवरी को आईओए के अध्यक्ष एन. रामचन्द्रन ने खेल मंत्रालय को लिखे पत्र में कहा था कि उसने कलमाड़ी और चौटाला को उनके अजीवन अध्यक्ष बनाने के फैसले को वापस ले लिया है।'

ये भी पढ़ें, कलमाड़ी और चौटाला को अध्यक्ष पद से हटान के बाद खेल मंत्रालय ने रद्द किया आईओए का निलंबन

मंत्रालय ने एक बयान जारी कर कहा है, 'सरकार ने आईओए द्वारा अपने अभय सिंह चौटाला और सुरेश कलमाड़ी को आजीवन अध्यक्ष बनाए जाने के फैसले में सुधार करने के बाद उस पर लगाए गए प्रतिबंध को तत्काल प्रभाव से वापस लेने का फैसला किया है।'

बयान में कहा, 'हाल ही में हुए बदलावों को देखने के बाद खेल के विकास और इसे देश में बढ़ावा देने के लिए उद्देश्य से खेल मंत्री ने 30 दिसंबर को आईओए पर लगाए गए प्रतिबंध को वापस ले लेने का फैसला किया है।'

ये भी पढ़ें, IOA ने अभय चौटाला और सुरेश कलमाडी को आजीवन अध्यक्ष बनाने के फैसले को किया रद्द

कलमाड़ी और चौटाला दोनों ही आईओए के अध्यक्ष रह चुके हैं। कलमाड़ी 1996 से 2011 तक इस पद पर रहे थे, तो चौटाला ने 2012 से 2014 तक यह पद संभाला था।