logo-image

अकाली दल ने वीडियो सौंप कर चुनाव आयोग से की शिकायत, लोगों को हिंसा के लिए भड़का रहे हैं आप नेता भगवंत मान

बठिंडा में बुधवार को मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल पर एक शख्स ने जूता फेंका दिया था। वहीं कुछ दिनों पहले फजिल्का में डिप्टी सीएम सुखबीर सिंह बादल के काफिले पर गांववालों ने पथराव कर दिया था।

Updated on: 12 Jan 2017, 11:54 AM

highlights

  • अकाली दल ने चुनाव आयोग को सौंपा वीडियो- लोगों को हिंसा के लिए भड़काने का आरोप
  • बठिंडा में बुधवार को प्रकाश सिंह बादल पर फेंका गया था जूता, सुखबीर बादल के काफिले पर भी हुआ था पथराव

नई दिल्ली:

सुखबीर बादल के काफिले पर हुए पथराव और पंजाब के सीएम प्रकाश सिंह बादल के ऊपर फेंके गए जूते की घटना के बाद शिरोमणि अकाली दल की तरफ से भगवंत मान का एक वीडियो जारी किया गया है।

अकाली दल ने इस संबंध में मुख्य चुनाव आयुक्त नसीम जैदी से शिकायत भी की है। पार्टी का कहना है कि भगवंत मान ने खुले तौर पर लोगों को भड़काया कि वे अकाली दल के नेताओं पर पत्थर फेंके। भगवंत मान जलालाबाद विधान सभा सीट से आम आदमी पार्टी के प्रत्याशी हैं।

अकाली दल का कहना है कि यह वीडियो कुछ दिन पहले का है जिसमें एक चुनावी रैली में भगवंत मान भीड़ को अकाली दल के नेताओं पर पत्थर मारने के लिए उकसाते हुए सुनें और देखे जा सकते हैं।

रिपोर्ट्स के मुताबित इस वीडियो में भगवंत मान कह रहे हैं- 'आ जायें गांव में अबकी बार, पता लग जाएगा। लोग हाथों में पत्थर उठाकर बैठे हैं। पत्थर इस बार खत्म हो जाएंगे। आधे पत्थर इन पर फेंक देना आधे बचा कर रख लेना। पत्थर अब ब्लैक में बिकेंगे। एक दूसरे के घर जाकर आप लोग पत्थर मांगा करोगे कि अकाली दल की रैली है वहां फेंकने के लिए 50 पत्थर ही उधार दे दे भाई और सामने वाला कहेगा कि भाई हमारे पास तो पहले ही पत्थर कम है। हम चार लोग हैं और हमारे पास 40 पत्थर हैं। 10-10 पत्थर ही हिस्से में आए हैं। तेरे को कहां से दे दें। यह हाल होगा और.....पत्थर तो पत्थर होता है....पता नहीं कहां से चला होता है। आज तक पत्थर फेकने वाले पकड़े नहीं गए। तालियां मार दो....अगर आपको बात पल्ले पड़ गई हो तो।'

यह भी पढ़ें: सिसोदिया के बयान के बाद अमरिंदर सिंह ने कहा- पंजाब के लोगों को गुमराह कर रही है 'आप'

बता दें कि बठिंडा में बुधवार को जनता दरबार के दौरान मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल पर एक शख्स ने जूता फेंका दिया था। वहीं कुछ दिनों पहले फजिल्का में डिप्टी सीएम सुखबीर सिंह बादल के काफिले पर गांववालों ने पथराव कर दिया था।

अकली दल ने डीजीपी मोहम्मद मुस्तफा के खिलाफ भी शिकायत दर्ज कराई है। आरोप है कि मुस्तफा लोगों को अपनी पत्नी के पक्ष में वोट देने के लिए मजबूर कर रहे हैं। मुस्तफा की पत्नी को कांग्रेस मलेरकोटला सीट से टिकट दे सकती है।

शिकायत में मांग की गई है कि मुस्तफा के मोबाइल रिकॉर्ड्स की जांच की जाए। साथ ही यह भी कह गया है कि मुस्तफा अपने विभाग से बगैर छुट्टी लिए लगातार मलेरकोटला का दौरा कर रहे हैं।