logo-image

ओबामा के समय भारत के साथ रणनीतिक साझेदारी से अमेरिका को फायदा हुआ: केरी

अपनी विदाई से ठीक पहले केरी का यह बयान अहम है। विदेश मंत्री के रूप में केरी की यह अंतिम प्रेस कांफ्रेंस थी।

Updated on: 06 Jan 2017, 10:38 PM

नई दिल्ली:

दो हफ्तों बाद पद से अलग हो रहे अमेरिकी के विदेश मंत्री जॉन केरी ने कहा है कि ओबामा प्रशासन के आठ साल के कार्यकाल के दौरान भारत के साथ रणनीतिक साझेदारी से अमेरिका को लाभ हुआ है। साथ ही दुनिया भर में अमेरिकी की हैसियत में भी सुधार हुआ है।

पिछले साल अमेरिका में हुए चुनाव के बाद अब डोनाल्ड ट्रंप सत्ता में आएंगे। अपनी विदाई से ठीक पहले केरी का यह बयान अहम है।

केरी ने कहा, 'एशिया में हम अपने मित्रों के साथ रहे। उत्तर कोरिया पर प्रतिबंध को और बढ़ाया, क्षेत्रीय मिसाइल रक्षा क्षमता में सुधार किया, दक्षिणी चीन सागर में कानून का समर्थन किया और भारत के साथ रणनीतिक साझीदारी तैयार की। हमने वियतनाम के साथ अपने संबंधों को बढ़ाया और म्यांमार में लोकतांत्रिक प्रक्रिया का समर्थन किया। पहली बार वहां निर्वाचित संसद काम कर रही है।'

यह भी पढ़ें: इस बार टोयोटा पर पड़ी ट्रंप के ट्वीट की मार, उठाना पड़ा 1.2 अरब डॉलर का नुकसान

विदेश मंत्री के रूप में अंतिम प्रेस कांफ्रेंस में केरी ने ओबामा प्रशासन के आठ वर्षो के कार्यो का भी जिक्र किया। केरी ने कहा कि 2009 में देश जहां था आज उससे आगे खड़ा है।

साथ ही केरी ने कहा कि अमेरिका अब आर्थिक संकट से उबर चुका है। केरी ने कहा कि अमेरिका और उसके सहयोगी देश कूटनीतिक और सैन्य दोनों मामलों में सही रास्ते पर हैं। केरी ने ईरान परमाणु समझौते और पेरिस समझौते का भी उल्लेख किया और इसे ओबामा प्रशासन की सफलता करार दिया।

यह भी पढ़ें: भारत, ब्राजील और अर्जेंटीना में अपने प्रोजेक्ट को डोनाल्ड ट्रंप ने किया बंद