logo-image

क्रिसमस पर ब्लू लाइन मेट्रो ने किया परेशान, लोगों को करना पड़ा लंबा इंतजार

क्रिसमस के दिन ब्लू लाइन मेट्रो से सफर करने वालों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।

Updated on: 25 Dec 2016, 11:54 PM

नई दिल्ली:

क्रिसमस के दिन ब्लू लाइन मेट्रो से सफर करने वालों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। रविवार को इंद्रप्रस्थ और यमुना बैंक स्टेशन के बीच पटरी के रखरखाव का काम होने के कारण मेट्रो की फ्रीक्वेंसी प्रभावित रही। जिसके कारण लोगों को देर तक मेट्रो का इंतजार करना पड़ा।

हालांकि दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन ने शुक्रवार को एक एडवाइजी जारी की थी कि 25 दिसम्बर को दोपहर 12 बजे से अपरान्ह 3 बजे दिन तक इंद्रप्रस्थ और यमुना बैंक स्टेशन के बीच पटरी के रखरखाव के कारण मेट्रो सेवाएं थोड़ी बाधित रहेंगी।

रामकृष्ण आश्रम मार्ग स्टेशन पर मेट्रो करीब आधे घंटे तक खड़ी रही। ऐसे में मित्रों के एक दल को यह कहते सुना गया कि 'हमलोग यहां उतर जाते हैं। जंतर मंतर पहुंचने के लिए हम ऑटो या कोई भी यात्री वाहन ले सकते हैं।'

इसे भी पढ़ें: नए साल में दिल्ली मेट्रो के 10 स्टेशन हो जायेंगे कैशलेस

विलंब के कारण ट्रेन खचाखच भरी थी। नौबत यह रही कि ताजी हवा लेने के लिए एक दंपति इसी स्टेशन पर कोच से उतर गए। कई अन्य लोगों ने भी कोच के अंदर रहने के बजाए बाहर निकल कर प्रतीक्षा करना बेहतर समझा।

बड़ी संख्या में लोग रामकृष्ण आश्रम मार्ग स्टेशन पर ट्रेन से उतर गए और परिवहन के अन्य साधनों की मदद ली।

यात्रियों की परेशानी केवल ट्रेन के अंदर तक ही सीमित नहीं थी। टोकन काउंटर पर भी लंबी कतारें लगी थीं।जो ट्रेन इन्द्रप्रस्थ स्टेशन तक जाने वाली थी, वह बाराखंभा स्टेशन पर रुक गई और यात्रियों से उतरने के लिए कहा गया।

इसी खराब व्यवस्था के कारण लोगों की परेशानी बढ़ गई थी।