logo-image

टाटा ग्रुप में बड़ा फेरबदल: चंद्रशेखरन बने टाटा संस के चेयरमैन, गोपीनाथन बने TCS के सीईओ

सायरस मिस्त्री को हटाए जाने के करीब तीन महीने बाद टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (टीसीएस) के पूर्व सीईओ नटराजन चंद्रशेखरन को टाटा संस का नया चेयरमैन नियुक्त किया गया है।

Updated on: 13 Jan 2017, 08:35 AM

highlights

  • टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज के पूर्व सीईओ नटराजन चंद्रशेखरन बने टाटा संस के नए चेयरमैन
  • टीसीएस के चीफ फाइनैंशियल ऑफिसर (सीएफओ) राजेश गोपीनाथन को मिली टीसीएस के सीईओ की जिम्मेदारी 
  • अक्टूबर 2016 में सायरस मिस्त्री को टाटा संस के चेयरमैन के पद से हटाए जाने के बाद चंद्रशेखरन को कंपनी का चेयरमैन बनाया गया है

New Delhi:

सायरस मिस्त्री को हटाए जाने के करीब तीन महीने बाद टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (टीसीएस) के पूर्व सीईओ नटराजन चंद्रशेखरन को टाटा संस का नया चेयरमैन नियुक्त किया गया है। इसके साथ ही टाटा ग्रुप के शीर्ष प्रबंधन में बड़ा फेरबदल करते हुए टीसीएस के चीफ फाइनैंशियल ऑफिसर (सीएफओ) राजेश गोपीनाथन को टीसीएस के सीईओ की जिम्मेदारी दी गई है।

53 वर्षीय नटराजन चंद्रशेखरन 21 फरवरी को टाटा संस के चेयरमैन की जिम्मेदारी संभालेंगे जो 103 अरब डॉलर वाले टाटा ग्रुप की प्रोमोटर कंपनी है। एन चंद्रशेखरन 2009 से टीसीएस के सीईओ औऱ मैनेजिंग डायरेक्टर थे। अक्टूबर 2016 के बाद से वह टाटा संस के बोर्ड में भी शामिल किए गए थे।

टाटा संस टाटा समूह की सभी लिस्टेड कंपनियों की प्रोमोटर कंपनी है। रतन टाटा के साथ लंबे चले विवाद के बाद सायरस मिस्त्री को टाटा संस के चेयरमैन पद से हटा दिया गया था। टाटा संस ने 24 अक्टूबर को मिस्त्री के पद से हटा दिया था।

पांच सदस्यीय सेलेक्शन पैनल ने चंद्रशेखरन को टाटा संस का चेयरमैन बनाए जाने के फैसले पर मुहर लगाई। पैनल में रतन टाटा, टीवीएस गुप्र के प्रमुख वेणु श्रीनिवासन, बेन कैपिटल के अमित चंद्रा, पूर्व राजनयिक रोनेन सेन और लॉर्ड कुमार भट्टाचार्य शामिल थे।

और पढ़ें: सायरस मिस्त्री की जगह TCS के पूर्व सीईओ एन चंद्रशेखरन बने टाटा संस के नए चेयरमैन

गुरुवार शाम टाटा संस के बोर्ड की बैठक हुई जिसमें उन्हें चेयरमैन बनाए जाने की प्रस्ताव पर मुहर लगाई गई। टाटा संस की तरफ से जारी बयान में कहा गया है, 'चंद्रशेखरन ने टीसीएस का सीईओ और एमडी रहते हुए कमाल का काम किया। हमें लगता है कि वह अब पूरे टाटा समूह को दिशा दिखाने में सफल होंगे। साथ ही वह हमारे मूल्यों और व्यवहार के मुताबिक समूह को नई ऊंचाइयों पर ले जाने में सफल साबित होंगे।' 

चंद्रशेखरन 2009 से टीसीएस की जिम्मेदारी संभाल रहे थे। टाटा संस के चेयरमैन पद से सायरस मिस्त्री को हटाए जाने के बाद 25 अक्टूबर 2016 को चंद्रशेखरन को टाटा संस के बोर्ड में भी शामिल किया गया था।

चंद्रशेखरन को वैसे वक्त में टाटा संस के चेयरमैन की जिम्मेदारी दी गई जब कंपनी नैशनल कंपनी लॉ ट्रिब्यूनल में मिस्त्री के साथ कानूनी लड़ाई लड़ रहे हैं। मिस्त्री ने टाटा संस के चेयरमैन पद से हटाए जाने के फैसले को नैशनल कंपनी लॉ ट्रिब्यूनल में चुनौती दी है।

चंद्रशेखरन के नेतृत्व में टीसीएस 2015-16 में 16.5 अरब डॉलर का रेवेन्यू कमाने में सफल रही है। 2015-16 में कंपनी का बाजार पूंजीकरण 70 अरब डॉलर रहा है। चेयरमैन बनाए जाने के बाद चंद्रशेखरन ने कहा, 'मैं टाटा संस बोर्ड और रतन टाटा के भरोसे का सम्मान करता हूं।'