logo-image

कविता ट्वीट कर सीएम योगी आदित्यनाथ ने प्रियंका को बताया 'भगवा का महत्व', जानें क्या कहा

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने UP के सीएम योगी आदित्यनाथ के भगवा पहनने पर बयान क्या दिया कि पूरी बीजेपी ने उन्हें निशाने पर ले लिया है. भगवा के महत्व को लेकर Office Of Yogi Adityanath ने ट्वीट करके एक कविता लिखी है.

Updated on: 03 Jan 2020, 09:37 AM

लखनऊ:

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने UP के सीएम योगी आदित्यनाथ के भगवा पहनने पर बयान क्या दिया कि पूरी बीजेपी ने उन्हें निशाने पर ले लिया है. यूपी के डिप्टी सीएम केशव मौर्या ने कहा था कि प्रियंका गांधी सिर्फ हिंदुओं को बदनाम कर रही हैं. अब Office Of Yogi Adityanath ने ट्विटर पर भगवा को लेकर एक कविता ट्वीट की है. इस कविता के साथ #भगवा_की_शान_योगीजी हैशटैग डाला गया है. इस पर हजारों लोग ट्वीट कर चुके हैं. इस कविता में भगवा के महत्व के बारे में बताया गया है. कविता पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी द्वारा लिखी गई है ऐसा इस ट्वीट में कहा गया है.

ये है कविता

पुरुषार्थ और परमार्थ का संकल्प है भगवा
मनुष्यता का मर्म, जीवन का धर्म है भगवा
राणा के त्याग, पद्मनी के जौहर का प्रण है भगवा
राष्ट्र यज्ञ की वेदी में हर आहुति का संकल्प है भगवा
भारत माँ की भाषा, भाव, अभिव्यक्ति है भगवा

क्रांति की हुंकार और शांति का राग है भगवा
पवित्र प्रतीक और मर्यादा का मानक है भगवा
सेवा, त्याग, समर्पण का अनुबंध है भगवा
भागवत का सार और शौर्य का प्रमाण है भगवा
काम, क्रोध, मोह, लोभ, राग, द्वेष से मुक्ति है भगवा

अंतर्मन का उद्गार है भगवा..
आस्था का ज्वार है भगवा..
सनातनी संस्कार है भगवा..
भारत का श्रृंगार है भगवा..
जीवन नश्वर, उद्धार है भगवा..

कांग्रेस के लिए "व्यापार" है भगवा..
हमारे योगी जी का प्यार है भगवा..

लोकतंत्र के लोक का स्वर है भगवा
मर्यादा पुरुषोत्तम का तापस वेश है भगवा
योगी और राजयोगी का अन्तर्सम्बन्ध है भगवा
राजतंत्र से लोकतंत्र तक जनता की आवाज है भगवा
वीरता का गीत और प्रगति का संगीत है भगवा
शांति की भावना, परम वैभव की संभावना है भगवा

गरीब की शान है भगवा..
वंचित का मान है भगवा..
शोषित की आन बन गया भगवा..
हम सब का सम्मान है भगवा..
राजनीति के सौदागरों को चुनौती है भगवा..
उत्तर प्रदेश का निशान है भगवा..
माँ भारती का स्वाभिमान है भगवा..

वीर-मराठा शान है भगवा..
भगत सिंह का मान है भगवा..
भगवद्गीता का ज्ञान है भगवा..
देव-असुर संग्राम है भगवा..
गांडीव-संधान है भगवा..
पाञ्चजन्य का गान है भगवा..
वीरोचित अभिमान है भगवा..
भारत की पहचान है भगवा..

लाल-पीत का मिश्रण भगवा..
अप्रतिम शौर्य-त्याग है भगवा..
ऊर्जा, ज्ञान, विवेक है भगवा..
भारत का अभिमान है भगवा..

स्नेह और बंधुत्व है भगवा..
मनुजता का आधार है भगवा..
देश-धर्म की सेवा करने का
सीधा-सच्चा मार्ग है भगवा..

लिया हाथ में ध्वज कभी न झुकेगा
कदम बढ रहा है कभी न रुकेगा
न सूरज के सम्मुख अंधेरा टिकेगा
निडर है सभी हम अमर है सभी हम
के सर पर हमारे वरदहस्त करता
गगन में लहरता है भगवा हमारा
-श्रद्धेय अटल जी

'भगवा का सम्मान करें योगी'

प्रियंका गांधी ने एक प्रेस कान्फ्रेंस में कहा था कि सीएम योगी ने भगवा धारण कर रखा है. मैं बताना चाहूंगी कि ये भगवा आपका नहीं है. ये हिंदुस्तान की करोड़ों लोगों की आस्था और संस्कृति का प्रतीक है. हिंदू धर्म का चिन्ह है. उस धर्म को धारण कीजिए. धर्म में कहीं भी रंज, हिंसा और बदले की बात नहीं है.