logo-image

जम्मू-कश्मीर: बर्फ में फंसे सभी 5 जवानों को बचाया गया

शनिवार को जम्मू-कश्मीर के कुपवाड़ा में बर्फ की चट्टान सेना के शिविर पर आ गिरी। जिसमें कम से कम 5 जवान दब गए थे।

Updated on: 28 Jan 2017, 08:48 PM

highlights

  • जम्मू-कश्मीर के कुपवाड़ा में बर्फ में फंसे सभी 5 जवानों को बचाया गया
  • जम्मू-कश्मीर में हिमस्खलन से अब तक 15 जवानों की हो चुकी है मौत
  • राज्य प्रशासन ने हिमस्खलन की चेतावनी जारी की है

नई दिल्ली:

जम्मू और  कश्मीर के कुपवाड़ा जिले में शनिवार को नियंत्रण रेखा के पास बर्फीले मार्ग के धंस जाने से वहां फंस गए सभी पांचों जवानों को बचा लिया गया है। कुपवाड़ा जिले के माचिल सेक्टर में हुए इस हादसे में इससे पहले 3 जवानों को बचाया लिया गया था।

ये सभी जवान राष्ट्रीय राइफल्स के गश्ती दल का हिस्सा थे। सभी जवानों का अस्पताल में हाइपोथर्मिया का इलाज किया जा रहा है। हाइपोथर्मिया में शरीर का तापमान असामान्य हो जाता है।

पुलिस ने कहा कि यह घटना ऐसे समय में घटी है, जब कुछ दिन पहले ही नियंत्रण रेखा पर हुई हिमस्खलन की दो घटनाओं में एक सैन्य चौकी और एक गश्ती दल चपेट में आ गए थे, जिसमें 15 जवान शहीद हो गए थे।

पुलिस ने कहा कि हादसे के वक्त गश्ती पार्टी नियमति आतंकवाद रोधी अभियान पर थी। कश्मीर में इस सप्ताह भारी बर्फबारी देखने को मिल रही है और राज्य में कई बार हिमस्खलन की चेतावनी जारी की जा चुकी है। कुछ क्षेत्रों में बिजली और संपर्क नहीं है।

अधिकारियों ने कहा कि हिमस्खलन की चेतावनी जारी किए जाने के बाद उच्च जोखिम वाले क्षेत्रों से दर्जनों लोगों ने घर खाली कर दिए हैं। शनिवार सुबह राज्य प्रशासन ने कश्मीर घाटी और लद्दाख क्षेत्र के ऊंचाई वाले स्थानों पर हिमस्खलन की चेतावनी जारी की थी।

प्रशासन ने बारामूला, कुपवाड़ा, कुलगाम, गांदेरबल, शोपियां, अनंतनाग, लेह और कारगिल जिलों के पहाड़ी क्षेत्रों में हिमस्खलन की चेतावनी जारी की। यहां रह रहे लोगों को चेतावनी वापस लिए जाने तक घरों से बाहर नहीं निकलने की हिदायत दी गई है। 

जिलाधिकारियों को हिमस्खलन की दृष्टि से संवेदनशील क्षेत्रों में राहत एवं बचाव अभियानों का निरीक्षण करने के निर्देश दिए गए हैं। जम्मू एवं कश्मीर में मंगलवार को बर्फबारी संबंधी दुर्घटनाओं में 21 लोगों की मौत हो गई थी, जिनमें 15 जवान शामिल थे।

मौसम विभाग का कहना है कि यहां शनिवार को न्यूनतम तापमान 0.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।