logo-image

मुंबई इंडियंस ने रोमांचक मुकाबले में लगाया खिताबी जीत का चौका, रोहित ने तोड़ा धोनी का ये रिकॉर्ड

इस जीत के साथ ही मुंबई इंडियंस आईपीएल का सबसे ज्यादा खिताब जीतने वाली टीम बन गई है. ये चारो खिताबी जीत मुंबई को रोहित शर्मा की कप्तानी में मिली.

Updated on: 13 May 2019, 09:10 AM

highlights

  • रोहित शर्मा की कप्तानी में चौथी बार मुंबई ने जीता खिताब
  • रोहित बने सबसे ज्यादा बार अपनी टीम को खिताब दिलाने वाले कप्तान
  • रोमांचक मुकाबले में मुंबई इंडियंस ने 1 रन से जीत दर्ज की

नई दिल्ली:

मुंबई इंडियंस ने रोहित शर्मा की कप्तानी में इतिहास रच दिया. रोहित शर्मा की अगुवई में मुंबई इंडियंस ने रविवार को खेले आईपीएल 12 के फाइनल में चेन्नई सुपरकिंग्स को एक रन से हरा दिया. इस जीत के साथ ही मुंबई इंडियंस ने आईपीएल की ट्रॉफी पर चौथी बार अपना कब्जा जमाया है. इसके पहले मुंबई इंडियंस और चेन्नई सुपरकिंग्स ने 3-3 बार ये खिताब अपने नाम किया था. रविवार को रोहित की कप्तानी में मुंबई इंडियंस ने चौथी बार ये खिताब जीतकर चेन्नई सुपरकिंग्स को पीछे छोड़ दिया.

इस जीत के साथ ही मुंबई इंडियंस आईपीएल का सबसे ज्यादा खिताब जीतने वाली टीम बन गई है. मुंबई इंडियंस ने साल 2013, साल 2015, साल 2017 और साल 2019 का आईपीएल खिताब अपने नाम कर लिया. यहां सबसे खास बात ये है कि ये चारो ही खिताब मुंबई इंडियंस ने रोहित शर्मा की कप्तानी में ही जीते हैं. इस तरह से रोहित शर्मा ने बतौर कप्तान भी महेंद्र सिंह धोनी को पीछे छोड़ दिया है. चेन्नई सुपर किंग्स ने महेंद्र सिंह धोनी की कप्तानी में साल 2010, साल 2011 और साल 2018 का खिताब जीता था. रविवार को मुकाबले से पहले रोहित और धोनी के बीच थी सबसे ज्यादा बार आईपीएल का खिताब जीतने की होड़ जहां रोहित शर्मा ने बाजी मार ली. 

                                                                              

अब तक आईपीएल का खिताब जीतने वाली टीमें

टीमें      कितनी बार बनी चैंपियन                   कप्तान
 मुंबई इंडियंस    4 बार बनी आईपीएल चैंपियन साल 2013, 2015, 2017 और 2019     रोहित शर्मा
चेन्नई सुपर किंग्स      3 बार बनी आईपीएल चैंपियन साल 2010, 2011 और 2018      महेंद्र सिंह धोनी
कोलकाता नाइट राइडर्स  2 बार बनी आईपीएल चैंपियन 2012 और 2014      गौतम गंभीर
सनराइजर्स हैदराबाद   1 बार बनी आईपीएल चैंपियन 2016      डेविड वॉर्नर
डेक्कन चार्जर्स 1 बार बनी आईपीएल चैंपियन  2009     एडम गिलक्रिस्ट
राजस्थान रॉयल्स 1 बार बनी आईपीएल चैंपियन 2008       शेन वॉर्न

आपको बता दें कि रविवार को खेले गए आईपीएल 12 के फाइनल मुकाबले में मुंबई इंडियंस की टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर में 8 विकेट के नुकसान पर 149 रन बनाए. मुंबई इंडियंस की ओर से किरोन पोलार्ड ने सबसे ज्यादा 25 गेंदों पर नाबाद 41 रन बनाए. जवाब में 150 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी चेन्नई सुपर किंग्स को निर्धारित 20 ओवरों में 7 विकेट के नुकसान पर 148 रन ही बना सकी. चेन्नई की ओर से सबसे ज्यादा रन शेन वाटसन ने बनाए उन्होने 80 रनों की बेहतरीन पारी खेली. मुंबई इंडियंस की ओर से जसप्रीत बुमराह सबसे सफल गेंदबाज रहे उन्होंने 4 ओवर में 14 रन देकर 2 विकेट हासिल किए.