logo-image

जब महेंद्र सिंह धोनी ने युजवेंद्र चहल को 'माही सर' कहने से रोका...

भारतीय टीम के लेग स्पिनर युजवेंद्र चहल ने पूर्व भारतीय कप्तान महेंद्र सिंह धोनी को लेकर एक खुलासा किया है।

Updated on: 03 Jun 2018, 06:01 PM

नई दिल्ली:

भारतीय टीम के लेग स्पिनर युजवेंद्र चहल ने पूर्व भारतीय कप्तान महेंद्र सिंह धोनी को लेकर एक खुलासा किया है। चहल ने बताया कि जब वह पहली बार धोनी से मिले, तो वह उन्हें 'माही सर' कहकर बुलाते थे जो धोनी को पसंद नहीं था।

युजवेंद्र चहल ने बताया कि यह बात साल 2016 की है जब भारतीय टीम ने जिम्बाब्वे का दौरा किया था। उस सीरीज में धोनी की कप्तानी की अगुवाई में चहल को वनडे डेब्यू करने का मौका मिला था।

पहली बार एमएस धोनी जैसे दिग्गज से मुलाकात किसी भी उभरते हुए क्रिकेटर को नर्वस कर सकती है। धोनी सभी के आदर्श हैं और खिलाड़ियों के बीच उनका बहुत सम्मान है, क्योंकि वह खुद इतने शांत और कूल रहते हैं।

युजवेंद्र चहल ने कहा कि मैदान पर धोनी हमेशा उनकी मदद करते हैं।

चहल ने कहा, 'जब वह पहली बार भारतीय टीम में शामिल हुए थे उस वक्त उन्‍होंने एक बार धोनी को 'माही सर' कहकर बुलाया था, जो धोनी को बिलकुल पसंद नहीं आया।'

'ब्रेकफास्ट विद चैंपियंस' शो में चहल ने खुलासा करते हुए कहा, 'मैं हमेशा उन्‍हें 'माही सर' कहकर बुलाता था, जिसके बाद एक बार उन्होंने मुझे बुलाकर समझाया कि तुम मुझे माही, धोनी, महेंद्र सिंह धोनी या भाई कहकर बुला सकते हो, लेकिन सर मत कहना।'

आपको बता दें कि भारतीय टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी को युवा खिलाड़ी अपना आदर्श मानते हैं। इससे पहले भारतीय टीम के बल्लेबाज लोकेश राहुल ने धोनी की तारीफ करते हुए कहा था कि 'मुझे हमेशा टीवी पर माही भाई को बल्लेबाजी करते देखना अच्छा लगता है और उन्हें खेलता देखकर बहुत मजा आता है। जिस तरह से वह टीम को मैच जिताते हैं वह काफी बेहतरीन होता है।'

और पढ़ेंः मणिपुर के मुख्यमंत्री ने की खेल मंत्री से अपील, चानू को निर्दोष साबित करें