logo-image

जन्मदिन विशेष: अगर क्रिकेट अनिश्चितताओं का खेल है तो रोहित शर्मा हैं सबसे ज्यादा अनिश्चित प्लेयर

बन जाए अगर बात तो सब कहते हैं क्या क्या और बात बिगड़ जाए तो क्या क्या नहीं कहते, ये शेर बारतीय टीम में सबसे ज्यादा अगर किसी के लिए सटीक है तो वह हैं टीम इंडिया के 'हिटमैन' रोहित शर्मा।

Updated on: 30 Apr 2018, 10:03 AM

नई दिल्ली:

मशहूर शायर नवाज़ देवबंदी का एक शेर है- 'बन जाए अगर बात तो सब कहते हैं क्या क्या और बात बिगड़ जाए तो क्या क्या नहीं कहते', ये शेर भारतीय टीम में सबसे ज्यादा अगर किसी के लिए सटीक है तो वह हैं टीम इंडिया के 'हिटमैन' रोहित शर्मा!

रोहित का खेल उतार-चढ़ाव के दौर से गुजरता रहता है। जब दौर असफलताओं का हो तो क्या सोशल मीडिया और क्या टीवी-अखबार, हर जगह उन्हें आलोचनाओं का सामना करना पड़ता है लेकिन जब-जब 'हिटमैन' का बल्ला बोलता है सारी दुनिया उन्हें सर-आंखों पर उठा लेती है।

रोहित के बारे में कह सकते हैं कि अगर क्रिकेट अनिश्चितताओं का खेल है तो रोहित शर्मा सबसे ज्यादा अनिश्चित प्लेयर हैं। अनिश्चित इसलिए क्योंकि उनके जिंदगी में कुछ भी पहले से तय नहीं होता।

रोहित शर्मा भारत के लिमिटेड ओवर क्रिकेट के सबसे बेहतरीन खिलाड़ियों में से एक हैं।

इंडियन क्रिकेट टीम के लिए रोहित ने अब तक 180 वनडे मैच खेले हैं जिसमें 44.55 की औसत और 86.96 के विस्फोटक स्ट्राइक रेट से उन्होंने 6594 रन बनाए हैं। उन्होंने 3 दोहरा शतक, 17 शतक और 34 अर्धशतक लगाए हैं।

वहीं टी20 में भी रोहित ने बल्ले से कई बेहतरीन और यादगार पारियां खेली है। 79 अंतरराष्ट्रीय टी 20 मैच में रोहित ने 1852 रन बनाए हैं।

टी20 में उनका स्ट्राइक रेट 135.77 का रहा है। रोहित ने क्रिकेट के इस छोटे फॉर्मेट में 2 शतक और 14 अर्धशतक लगाया है।

रोहित शर्मा को टेस्ट में अभी खुद को साबित करना होगा, हालांकि एक ही मैच के दो इनिंग्स में लगातार शतक बनाने का कीर्तिमान भी उन्हीं के नाम ही है।

रोहित शर्मा ने वनडे में सर्वाधिक 264 रन बनाए हैं जो किसी भी खिलाड़ी का सबसे ज्यादा स्कोर है। वनडे में 3 दोहरा शतक लगाने वाले भी वह इकलौते बल्लेबाज हैं।

अंतरराष्ट्रीय टीम से अलग अगर आईपीएल की बात करें तो रोहित यहां भी अपने आलोचकों को कई बार जवाब दे चुके हैं। रोहित इस वक्त मुंबई इंडियंस के कप्तान हैं और उन्होंने 166 आईपीएल मैचों में 32.61 की औसत और 131.47 की स्ट्राइक रेट से 4403 रन बनाए हैं।

आईपीएल में रोहित का सर्वाधिक स्कोर 109 रन है। उन्होंने 1 शतक और 54 अर्धशतक भी लगाए हैं।

रोहित पर कई बार बल्लेबाजी में निरंतरता की कमी का आरोप लगता रहता है लेकिन 'हिटमैन' हर बार आलोचनाओं गंभीरता से लेते हुए अपनी बल्लेबाजी पर कड़ी मेहनत करते हैं और फिर जब उनका बल्ला बोलता है तो आलोचकों की जुबान पर ताला लग ही जाता है।

हमेशा रोहित के साथ खड़ी रहती है पत्नी

उम्र जैसे ही बचपन का चोला छोड़कर जवानी की दहलीज पर कदम रखती है, दुनिया की हर चीज खूबसूरत नजर आने लगती है। जवानी में दुनिया को देखने का नजरिया ही बदल जाता है और फिर होती है मोहब्बत।

रोहित शर्मा को भी रितिका सजदेह से मोहब्बत हुई और 6 साल तक एक-दूसरे को जानने के बाद आखिरकार उन्होंने शादी करने का निर्णय ले ही लिया।

रितिका हमेशा बुरे वक्त में रोहित के साथ खड़ी होती हैं और हौसला बढ़ाती है। अब श्रीलंका के खिलाफ उस मैच को याद कीजिए जब रोहित ने दोहरा शतक लगाया था।

रोहित ने श्रीलंका के खिलाफ मोहाली वनडे में करियर का तीसरा दोहरा शतक जड़ा। उनकी पत्नी इस मौके पर इमोशनल हो गईं। इस दिन इनकी शादी की दूसरी सालगिरह  भी थी। इस मौके पर डबल सेंचुरी लगाकर रोहित ने अपनी पत्नी को शानदार तोहफा दिया।

रोहित के लिए यह दोहरा शतक इसलिए भी जरूरी था क्योंकि वह लगातार खराब फॉर्म से जूझ रहे थे।