logo-image

कांग्रेस एक डूबता हुआ जहाज है, पंजाब बादल को फिर से बतौर सीएम देखना चाहती है: मोदी

शिरोमणि अकाली दल तथा भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का पंजाब में साल 2007 से ही गठबंधन है।

Updated on: 28 Jan 2017, 07:37 AM

highlights

  • कांग्रेस कमाल की पार्टी है, सत्ता के लिए किसी से भी हाथ मिला लेती है।
  • कांग्रेस एक डूबी हुई नाव है क्या पंजाब के लोग डूबी हुई नाव की सवारी करना चाहेंगे।
  • आपने दलों को भी देखा है, नेताओं को भी देखा है लेकिन कांग्रेस पार्टी का पता ही नहीं चल रहा है कि इसका रंग क्या है, रूप क्या है।

जालंधर:

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार को एक चुनावी रैली के दौरान कांग्रेस पार्टी पर जमकर बरसे और उसे 'डूबता जहाज' व 'इतिहास' करार दिया। उन्होंने राज्य के लोगों से उन लोगों को जवाब देने को कहा, जिन्होंने 'पंजाब के युवाओं को देश व दुनिया में बदनाम किया है।'

पंजाब के मुख्यमंत्री व शिरोमणि अकाली दल के संरक्षक प्रकाश सिंह बादल के साथ एक संयुक्त चुनावी रैली में मोदी ने कहा, 'कांग्रेस एक डूबता जहाज है। कांग्रेस इतिहास है। यह आखिरी सांस ले रही है।'

ये भी पढ़ें- मैं देश के ईमानदार लोगों के लिए लड़ाई लड़ रहा हूं, मोदी जुल्म के आगे झुकने वाला नहीं: पीएम मोदी

प्रधानमंत्री मोदी ने कांग्रेस पर सीधा निशाना साधा और मार्क्‍सवादी कम्युस्टि पार्टी (माकपा) तथा समाजवादी पार्टी (सपा) के साथ गठबंधन को लेकर उसे आड़े हाथों लिया।

मोदी ने कहा, 'कांग्रेस का कोई सिद्धांत नहीं है। उसने वाम दलों से समझौता कर लिया, जिससे वह 50 साल से राजनीतिक लड़ाई लड़ती रही। अब उसने उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी से हाथ मिला लिया है। सिर्फ सत्ता की राजनीति करने के कारण कांग्रेस खुद को बचाने के लिए आज इस हाल से गुजर रही है।'

कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी द्वारा उत्तर प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में कई दिनों तक की गई खाट सभा के संदर्भ में मोदी ने कहा, 'कांग्रेस ने उत्तर प्रदेश में महीनों तक गांव-गांव में सपा के खिलाफ बोला, लेकिन जब देखा कि जनता उसे स्वीकार नहीं कर रही है तो वह सपा के साथ हो गई।'

ये भी पढ़ें- पंजाब विधानसभा चुनाव: आप ने जारी किया चुनावी घोषणा पत्र, आम आदमी कैंटीन में मिलेगा 5 रुपये में खाना

उन्होंने कहा, 'सत्ता से बाहर होने पर कांग्रेस कुंठित हो गई है। कांग्रेस के पास न कोई रंग, न आकार और न ही रास्ता बचा है।'

शिरोमणि अकाली दल तथा भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का पंजाब में साल 2007 से ही गठबंधन है। 

विपक्षी पार्टियों पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा, 'देश की सेना को पंजाब के वीरों, उनके त्याग, बलिदान व अनुशासन के कारण जाना जाता है, लेकिन आज उसी राज्य के लोगों को बदनाम किया जा रहा है। निजी स्वार्थ के कारण पंजाब की आन-बान और शान का गला घोंटने की कोशिश की जा रही है। क्या राजनीति इतनी नीचे चली जाएगी?'

ये भी पढ़ें- CBSE की 10 वीं और 12 वीं की परीक्षा तारीखों में हुआ बदलाव

उन्होंने कहा, 'राजनीति अपनी जगह पर है, पर जिन्होंने देश-दुनिया में पंजाब के वीरों की छवि खराब करने की कोशिश की, उसका पंजाब के लोगों को जवाब देना है।'

मोदी ने कहा, 'ऐसे लोगों को पंजाब के गौरव के वास्ते, पंजाब की आन-बान और शान के वास्ते जवाब दें, ताकि कोई पंजाब की तरफ गलत निगाह से न देख सके।'

प्रधानमंत्री ने कहा, 'राज्य के भाग्य को एक नई ऊर्जा व नई ताकत देने के लिए पंजाब चुनाव मैदान में खड़ा है और यहां की जनता बादल को मुख्यमंत्री के रूप में देखना चाहती है।'

ये भी पढ़ें- यूपी चुनाव 2017: कांग्रेस-समाजवादी पार्टी गठबंधन में अमेठी-रायबरेली सीट पर फंसा पेंच

उन्होंने विपक्षी पार्टियों को देश में राजनीतिक चर्चा को बदलने की चुनौती देते हुए कहा, 'देश ने 70 वर्षो तक विनाश की राजनीति देखी है और इसका फल देश के युवा भुगत रहे हैं। अगर आप राजनीति करना चाहते हैं, तो विकास की राजनीति कीजिए।'

भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ाई को लेकर मोदी ने कहा कि जिन लोगों ने बीते 70 वर्षो से काला धन जमा कर रखा था, सरकार की भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई से उनके होश उड़ गए हैं।

ये भी पढ़ें- मजीठा रैली में राहुल ने कहा, अमरिंदर सिंह होंगे पंजाब के मुख्यमंत्री

विवादित सतलज-यमुना लिंक नहर मुद्दे की ओर इशारा करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि पंजाब के नदी का पानी केवल पंजाब के लिए है।

मोदी ने कहा, 'अपने देश के किसानों के लिए हम सिंधु नदी का पानी लाएंगे, जो बहकर पाकिस्तान जा रही है।'