logo-image

अमेरिकी राष्ट्रपति चुनाव: पहली बहस में हिलेरी ने पर्सनल ईमेल इस्तेमाल करने पर मानी गलती

अमेरिका में राष्ट्रपति चुनाव को लेकर रिपब्लिकन उम्मीदवार डोनाल्ड ट्रंप और डेमोक्रेटिक पार्टी के उम्मीदवार हिलेरी क्लिंटन के मंगलवार को पहली बहस हुई। यह बहस करीब 90 मिनट तक चली। इस दौरान हिलेरी क्लिंटन ने कहा कि हमें मध्यम वर्ग पर ध्यान देना है।

Updated on: 27 Sep 2016, 01:21 PM

नई दिल्ली:

अमेरिका में राष्ट्रपति चुनाव को लेकर रिपब्लिकन उम्मीदवार डोनाल्ड ट्रंप और डेमोक्रेटिक पार्टी के उम्मीदवार हिलेरी क्लिंटन के मंगलवार को पहली बहस हुई। यह बहस करीब 90 मिनट तक चली। इस डिबेट में हिलेरी ने अपने ट्रंप को टैक्स रिटर्न्स के खुलासे को लेकर वार किया तो वहीं ट्रंप ने भी हिलेरी के डिलीट किए हुए ईमेल्स को लेकर निशाना साधा।

हिलेरी ने बहस के दौरान माना कि निजी ई-मेल आईडी का इस्तेमाल करना उनकी गलती थी। इसके बाद ट्रंप ने कहा कि वे अपने टैक्स रिटर्न्स को सार्वजनिक करने को तैयार हैं बशर्ते हिलेरी उन 33 हजार ई-मेल को भी साझा करे जो उन्होंने डिलीट कर दिए।

अमेरिकी चुनाव में पहली महिला उम्मीदवार क्लिंटन ने कहा कि ट्रंप ने अपने अरबपति पिता की मदद से बिजनेस शुरू किया था लेकिन ट्रंप ने इसे एक 'छोटा सा लोन' बताया। हिलेरी ने कहा कि एक छोटा सा बिजनेस चलाने वाला पिता भले ही आपको मिलियन डॉलर की बेल न दिला सके लेकिन आपको मेहनत और ईमानदारी से काम करने का महत्व जरूर सिखा सकता है।

क्लिंटन ने कहा कि हमें मध्यम वर्ग पर ध्यान देना है। हमारी स्थिति 2008 से बेहतर है। व्यापार केवल हमारी चुनौती नहीं है। हमें पूरे विश्व के साथ व्यापार करना है। ट्रंप के प्लान से देश पर और कर्जा बढ़ेगा।

डोनाल्ड ट्रंप ने कहा

ट्रंप ने जॉब में आई कमी के लिए कॉर्पोरेट टैक्स को जिम्मेदार ठहराया। ट्रंप ने कहा कि हमारे जॉब कम हो रहे हैं और हमसे जॉब छीने जा रहे हैं। करों में कटौती जरूरी है। उन्होंने कहा कि कर को कम करने से कई नई कंपनियां खुलेंगी और कई कंपनियां वापस लौटेंगी जिससे जॉब के अवसर पैदा होंगे।

व्हाइट हाउस के लिए दौड़ तेज होने के साथ ही हिलेरी क्लिंटन और डोनाल्ड ट्रंप के बीच राष्ट्रीय स्तर पर पहली बार प्रसारित होने वाली बहस को लेकर अमेरिका में काफी उत्साह देखा गया। इस साल होने जा रहे चुनाव से छह हफ्ते पहले बहस हो रही है। हिलेरी क्लिंटन (68) के रूप में किसी बड़ी पार्टी ने पहली बार एक महिला को अपना उम्मीदवार बनाया है।