logo-image

रेप के झूठे मामले में पुलिस ने पति पत्नी समेत 4 लोगों को किया गिरफ्तार

रोहतक पुलिस ने एक ऐसे बंटी बबली को पकड़ा है, जो रेप का झूठे मामले दर्ज कर लोगों से पैसा ऐंठने का काम कर रहे थे।

Updated on: 29 Sep 2016, 10:23 AM

रोहतक:

रोहतक पुलिस ने एक ऐसे बंटी बबली को पकड़ा है, जो रेप का झूठे मामले दर्ज कर लोगों से पैसा ऐंठने का काम कर रहे थे। शारीरिक संबंध बनाकर फिर लोगों को ब्लैकमेल कर लाखों ठगने वाले पति-पत्नी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। दोनों ने कई लोगों के खिलाफ रेप का झूठा केस दर्ज करा रखा था। जिससे कई जिलो में यह दोनों लोगों को फंसा कर लाखों रुपए ऐठ चुके हैं।

फिलहाल एक मामले में इस शातिर पति-पत्नी ने एक व्यक्ति से 5 लाख रूपए की डिमांड की थी। पुलिस ने जाल बिछाकर आरोपी पति-पत्नी को एक लाख रूपए के साथ पकड़ लिया है। इसी के साथ मामले में शामिल एक अन्य महिला व पुरूष को भी गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों को कोर्ट में पेश कर एक दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।

सिटी पुलिस स्टेशन प्रभारी सुनीता ने बताया कि पूछताछ में रेखा और शमशेर ने बताया कि वह इसी तरह से लोगों को ब्लैकमेल करते हैं, और लोगों से रिपोर्ट दर्ज कराकर पैसे ऐंठते थे। इंस्पेक्टर सुनीता की माने तो आरोपी महिला रेखा और उसका पति शमशेर फतेहाबाद, कुरुक्षेत्र, जींद, भिवानी आदि जिलों में भी महिला रेखा ने कई मुकदमे दुष्कर्म के दर्ज कराए हुए हैं। ये एक गिरोह में काम करते हैं, जिसके दो और सदस्य सरोज व राजबीर को भी गिरफ्तार किया गया है। अभी इनसे पूछताछ की जा रही है कि ये ओर कितने लोग हैं जो इस तरह लोगों को अपने जाल में फंसा कर लूटते हैं। बहुत से तो ऐसे मामले हुए हैं जिसमें इन्होंने पुलिस में शिकायत देकर मुकदमा दर्ज होने से पहले ही पैसे लेकर समझौते कर लिए हैं।

रोहतक के आदर्श नगर की रहने वाली पूनम ने सिटी पुलिस थाना में शिकायत दर्ज कराई थी। जिसके बाद पुलिस ने इन दोनों पति पत्नी के खिलाफ खोज करनी शुरू की। तब जाकर सारा मामला सामने आया।