logo-image

फीफा विश्व कप के लिए कोच्चि स्टेडियम में सीटों की संख्या घटाई

भारत की मेजबानी में खेले जाने वाले फीफा अंडर-17 विश्व कप के ग्रुप-डी के मैचों के लिए चयन किए गए यहां के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में दर्शकों की संख्या को घटाकर 29,000 कर दिया गया है।

Updated on: 04 Oct 2017, 10:16 PM

नई दिल्ली:

भारत की मेजबानी में खेले जाने वाले फीफा अंडर-17 विश्व कप के ग्रुप-डी के मैचों के लिए चयन किए गए यहां के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में दर्शकों की संख्या को घटाकर 29,000 कर दिया गया है।

इस बात की जानकारी राज्य के पुलिस प्रमुख लोकनाथ बेहरा ने बुधवार को दी। उन्होंने कहा कि ऐसा सुरक्षा कारणों से किया गया है।

बेहरा ने स्टेडियम का निरिक्षण करने के बाद कहा कि स्टेडियम में मैच देखने के लिए 29,000 टिकट बेचे जाएंगे। इसके अलावा 2,500 से 3,000 अतिरिक्त लोग होंगे जिनमें अधिकारी, पुलिस और अन्य लोग शामिल होंगे। स्टेडियम की कुल संख्या क्षमता 32,000 रखी गई है।

बेहरे ने स्टेडियम में सभी इंतजामात का जायजा लिया। स्टेडियम की कुल दर्शक क्षमता 41,000 बताई जाती है लेकिन अब इसे कम कर दिया गया है। इस मैदान पर कुल आठ मैच खेले जाएंगे जिसमें ग्रुप-डी के छह मैच, एक मैच अंतिम-16 का और एक क्वार्टर फाइनल का मैच शामिल है।

पहले दिन ब्राजील और स्पेन का मुकाबला शाम पांच बजे से खेला जाएगा। दिन के दूसरे मैच में उत्तर कोरिया का सामना नाइजर से शाम आठ बजे होगा। पहले दिन के सभी टिकट बिक चुके हैं। इसी बीच स्पेन के कोच सांटियागो डेनिया ने संवाददाताओंसे कहा कि वह खिताब जीतने को लेकर आश्वस्त हैं।