logo-image

गुलजार और रहमान तैयार कर रहे हैं हॉकी वर्ल्ड कप का टाइटल सॉन्ग

हिंदी सिनेमा को कई यादगार गाने देने वाली गुलजार और एआर रहमान की सदाबहार जोड़ी एक बार फिर साथ आ रही है। इस बार ये दोनों किसी फिल्म के लिए गाने नहीं लिख रहे, बल्कि पुरुष हॉकी विश्व कप के लिए टाइटल सांग तैयार कर रहे हैं।

Updated on: 21 Sep 2018, 10:22 PM

नई दिल्ली:

हिंदी सिनेमा को कई यादगार गाने देने वाली गुलजार और एआर रहमान की सदाबहार जोड़ी एक बार फिर साथ आ रही है। इस बार ये दोनों किसी फिल्म के लिए गाने नहीं लिख रहे, बल्कि पुरुष हॉकी विश्व कप के लिए टाइटल सांग तैयार कर रहे हैं। इसके बोल हैं-'जय हिंद हिंद, जय इंडिया'। इसे गुलजार ने लिखा है और रहमान इसकी धुन तैयार कर रहे हैं।

इस बात की घोषणा ओडिसा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने की है। उन्होंने कहा कि," मुझे खुशी है कि एआर रहमान ओडिशा हॉकी विश्व कप का टाइटल सांग तैयार कर रहे हैं। भुवनेश्वर में उनका लाइव परफॉर्म करना हमारे लिए सम्मान की बात होगी। वे भारत की आवाज हैं और इस गाने के जरिये विश्व कप की आवाज होंगे। हम इस मामले में भी सौभाग्यशाली हैं कि गुलजार साहब ने इसमें अपनी कविता की जादूगरी दिखाई है।"

बता दें कि हॉकी विश्व कप का आयोजन ओडिशा की राजधानी भुवनेश्वर में इसी साल 28 नवंबर से 15 दिसंबर के बीच किया जाएगा। इस टूर्नामेंट में 16 देश भाग लेंगे। 1982 में मुंबई और 2010 में नई दिल्ली के बाद इस टूर्नामेंट का तीसरी बार भारत में आयोजन हो रहा है।