logo-image

तेल कंपनियों का माना गया प्रस्ताव, तो सोने की तरह ही बदलेंगे पेट्रोल-डीज़ल के दाम

भारत में भी विकसित देशों की तरह ही पेट्रोल और डीज़ल की कीमतों में रोज परिवर्तन होगा।

Updated on: 07 Apr 2017, 03:21 PM

नई दिल्ली:

आने वाले समय में सोने चांदी के दामों की तरह ही पेट्रोल और डीज़ल के दामों मे रोज परिवर्तन हो सकता है। तेल कंपनियों ने सरकार को एक प्रस्ताव भेजा है जिसमें ऐसा करने की सलाह दी गई है। यदि सरकार इस सलाह को मान लेती है तो भारत में भी विकसित देशों की तरह ही पेट्रोल और डीज़ल की कीमतों में रोज परिवर्तन होगा।

तेल कंपनियां अब अंतरराष्ट्रीय बाज़ार में कच्चे तेल की कीमतों के अनुसार तेल की कीमतें तय करेंगी। अगर कच्चे तेल के दाम अंतरराष्ट्रीय बाजार में बढ़ेंगे तो कंपनियां तेल की कीमतें बढ़ा देंगी और कच्चे तेल के दाम घटेंगे तो उसी के अनुसार तेल कंपनियां तेल की कीमतें घटा देंगी। फिलहाल तेल कंपनियां हर 15 दिन में तेल की कीमतों की समीक्षा करती हैं और उसके बाद ही तेल की कीमतों में बदलाव करती हैं।

ये भी पढ़ें: इलाहाबाद हाईकोर्ट ने सब इंस्पेक्टर की भर्तियों को किया निरस्त, चार हजार से ज्यादा पदों पर होनी थी भर्ती

इकोनॉमिक टाइम्स की खबर के मुताबिक, भारत पेट्रोलियम (बीपी), इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन (आईओसी) और हिन्दुस्तान पेट्रोलियम (एचपी) के शीर्ष अधिकारियों ने यह जानकारी दी है कि पेट्रोल और डीजल की कीमतों में रोजाना बदलाव करने पर विचार किया जा रहा है। आईओसी, बीपी और एचपी का देश के 95 फीसदी ईंधन खुदरा बाजार पर कब्जा है। हाल ही में इन कंपनियों के अधिकारियों ने इस संबंध में पेट्रोलियम मंत्री धर्मेंद्र प्रधान और मंत्रालय के अन्य अधिकारियों के साथ मुलाकात की है।

देश में करीब 53,000 पेट्रोल पंप हैं जो कि इस बात के लिए तैयार हैं कि वह रोजाना तेल की कीमतों को बदल सकते हैं। तेल की कीमतों की जानकारी पेट्रोल पंपों तक पहुंचाने में भी कोई दिक्कत नहीं होगी।

तेल कंपिनयों का कहना है कि सोशल नेटवर्क और कम्यूनिकेशन की नई तकनीक के माध्यम से पेट्रोल पंपों से आसानी से जोड़ा जा सकता है। पहले कीमतों में बदलाव का काम काफी पेचीदा होता था और डीलर्स को नई कीमत के बारे में बताने के लिये फोन ओर फैक्स का इंतज़ार करना पड़ता था।

ये भी पढ़ें: राम मंदिर पर केस वापस ले मुस्लिम समाज, कानून बनाएगी सरकार: वीएचपी

तेल कंपनियों का कहना है कि रोजाना मूल्यों में समीक्षा से भारतीय ईंधन (पेट्रोल-डीजल) बाजार अंतर्राष्ट्रीय मानकों के स्तर का बन जाएगा। इससे ग्राहक और डीलर्स दोनों को खरीद-बिक्री में मदद मिलेगी।

ये भी पढ़ें: गौ रक्षकों पर SC ने राज्यों से मांगा जवाब, नकवी ने कहा अपराधी को हिंदू-मुसलमान की नजरों से न देखें