logo-image

नाराज़ वरिष्ठ कांग्रेस नेता नारायण राणे ने पार्टी के सभी पदों से दिया इस्तीफा

नारायण राणे पिछले कुछ दिनों से कांग्रेस के बड़े नेताओं से नाराज़ चल रहे थे।

Updated on: 21 Sep 2017, 04:11 PM

नई दिल्ली:

महाराष्ट्र के वरिष्ठ कांग्रेस नेता नारायण राणे ने गुरुवार को पार्टी के सभी पदों से इस्तीफा दे दिया। नारायण राणे पिछले कुछ दिनों से कांग्रेस के बड़े नेताओं से नाराज़ चल रहे थे। इसके साथ ही ये भी कहा जा रहा है कि वो बहुत जल्द ही राणे बीजेपी पार्टी ज्वाइन कर सकते हैं।

बताया जाता है कि नारायण राणे पिछले कुछ दिनों से पार्टी के आलाकमान से काफी नाराज़ चल रहे थे। काफी दिनों से कहा जा रहा था के वो कांग्रेस पार्टी छोड़ सकते हैं।

माना जाता है कि हाल के दिनों में कांग्रेस पार्टी के आलाकमान राणे को नज़रअंदाज़ कर रहे थे और उनकी जगह संजय निरुपम को ज़्यादा वरीयता दी जा रही थी। इसी वजह से राणे पार्टी से नाराज़ चल रहे थे।

इससे पहले शनिवार को प्रदेश कांग्रेस ने अपनी सिंधुदुर्ग इकाई भंग कर दी थी। महाराष्ट्र के सिंधुदुर्ग जिले में राणे का अच्छा प्रभाव माना जाता है और वहां की कांग्रेस इकाई में राणे के चाहने वाले ज्यादा लोग थे।

जिसके बाद राणे ने सोमवार को सिंधुदुर्ग के कुडाल कस्बे में बड़ी रैली कर अपना शक्ति प्रदर्शन किया और घोषणा की कि नवरात्र में वह कांग्रेस से अलग राह चुन लेंगे।

वहीं एक ख़बर ये भी है कि वो शिवसेना नेताओं के संपर्क में है। फिलहाल ये साफ़ नहीं है कि राणे कांग्रेस से ज़ुदा होकर कौन सी पार्टी में शामिल होंगे।

दुर्गा मूर्ति विसर्जन के ममता के फैसले को HC ने किया रद्द, लगाई राज्य सरकार को फटकार