logo-image

26/11 आतंकी हमले के हीरो 'सीजर' की मौत, मुंबई पुलिस ने दी भावुक विदाई

आपको जानकर हैरानी होगी की 26/11 के आतंकी हमले में बम ढूंढने के लिए भेजे गए कुत्तों में सीजर अकेला जिंदा बचकर लौटा था

Updated on: 14 Oct 2016, 09:29 AM

नई दिल्ली:

2008 के मुंबई हमले में बमों को ढूंढने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले मुंबई पुलिस के डॉग स्क्वॉयड का सबसे तेजतर्रार कुत्ता सीजर की मौत पर मुंबई पुलिस फोर्स ने उसे भावुक विदाई दी। सीजर को तिरंगे में लपेट कर विदाई दी गई इसके साथ ही मुंबई पुलिस के जवान ने उसे सलामी भी दी।

आपको जानकर हैरानी होगी की 26/11 के आतंकी हमले में बम ढूंढने के लिए भेजे गए कुत्तों में सीजर अकेला जिंदा बचकर लौटा था। मुंबई के पुलिस कमिश्नर डीडी पडसलजिकर ने भी ट्विट कर सीजर को याद किया और कहा अपनी बहादुरी और सेवाओं के लिए वो हमेशा याद किया जाएगा।

सीजर लेब्राडोर रिट्रीवर ब्रीड का कुत्ता था। सीजर की मौत विरार के एक फॉर्म हाउस में हुई जहां उसे और उसके तीन साथियों को रिटायरमेंट के बाद रखा गया था। सीजर पिछले कई दिनों से बीमार चल रहा था जिसके बाद उसकी मौत हो गई। सीजर की मौत से मुंबई पुलिस ही नहीं बल्कि कई सितारें भी दुखी हैं।