logo-image

यूपी : कासगंज हिंसा के विरोध में आगरा में VHP ने निकाली तिरंगा यात्रा, सामने आया एक और वीडियो

उत्तर प्रदेश के आगरा जिले में विश्व हिंदू परिषद (वीएचपी) के कार्यकर्ता 'तिरंगा यात्रा' निकाल रहे है। वीएचपी ने यह तिरंगा यात्रा 26 जनवरी के दिन कासगंज में हुई हिंसा के विरोध में आयोजित की है।

Updated on: 31 Jan 2018, 01:00 PM

नई दिल्ली:

उत्तर प्रदेश के आगरा जिले में विश्व हिंदू परिषद (वीएचपी) के कार्यकर्ता 'तिरंगा यात्रा' निकाल रहे है। 

विहिप की यह यात्रा कासगंज में मारे गए चंदन गुप्ता को न्याय दिलाने की मांग को लेकर निकाली गई है।

यात्रा को निकाले जाने के बारे में पुलिस से मंजूरी लिए जाने को लेकर पूछे जाने पर ब्रज प्रांत के संगठन मंत्री मनोज ने कहा, 'तिरंगा यात्रा के लिए प्रशासन की अनुमित की क्या जरूरत है। प्रशासन हमारा है।'

आगरा के शहीद स्मारक से होती हुई यह यात्रा कलेक्ट्रेट तक जाएगी। तिरंगा यात्रा को देखते हुए शहर में सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता कर दी गई है। 

वीएचपी नेता और उपाध्यक्ष सुनील पाराशर ने कहा है कि आने वाले दिनों में तिरंगा यात्रा आगरा के साथ-साथ अलीगढ़ और बरेली में भी निकाली जाएगी।

यह यात्रा आगरा के नामेर चौराहे से शुरू की गई है जहां पर भारत माता की प्रतिमा मौजूद है। आगरा के अलावा फिरोजाबाद में भी तिरंगा यात्रा निकालने की तैयारी है। इस बीच कासगंज हिंसा से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें एक युवक हाथ में तमंचा लहराते हुए नजर आ रहा है। 

हालांकि अभी तक इस वीडियो की सत्यता की पुष्टि नहीं हो सकी है।

यह भी पढ़ें: कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष राज बब्बर को नहीं मिली कासगंज जाने की अनुमति, एसटीएफ कर रही जांच

गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश के कासंगज में गणतंत्र दिवस के मौके पर हुई हिंसा के बाद विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल ने इसे राजनीतिक रूप देने का मन बना लिया है।

कासगंज में सांप्रदायिक हिंसा से उपजे तनाव के बीच मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि राज्य में अराजकता फैलाने वालों से सख्ती से निपटा जाएगा।

इससे पहले उत्तर प्रदेश सरकार ने कानून व्यवस्था का हवाला देते हुए कांग्रेस अध्यक्ष राज बब्बर के नेतृत्व में कासगंज जाने वाले प्रतिनिधिमंडल को जाने से रोक दिया है।

यह भी पढ़ें: शोपियां में फायरिंग के दौरान घटनास्थल पर मौजूद नहीं थे FIR में नामजद मेजर