logo-image

घर में रखे हैं 500-1000 के नोट तो न हों परेशान, यहां मिलेंगे आपके सभी सवालों के जवाब

इस खबर ने हर किसी को चौंका दिया। सभी परेशान हैं कि अब उनके 500 और 1000 के नोट का क्या होगा।

Updated on: 09 Nov 2016, 09:47 AM

नई दिल्ली:

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ऐतिहासिक फैसला लेते हुए 500 और 1000 के नोट के चलन पर रोक लगा दी है। इस खबर ने हर किसी को चौंका दिया। सभी परेशान हैं कि अब उनके 500 और 1000 के नोट का क्या होगा। घबराने की जरूरत नहीं है, हम नोट से जुड़े आपके सभी सवालों का जवाब बता रहे हैं। मोनेटरी ऑथोरीटी (मौद्रिक अधिकारियों) ने इस पर विस्तृत चर्चा की है।

1. सवाल: क्यों लिया गया फैसला?

जवाब: भारतीय रिजर्व बैंक ने कहा है कि जाली नोटों का बढ़ना और कालाधन इस फैसले का मुख्य कारण है।

2. सवाल: जिनके पास खाता नहीं है वो क्या करें?

जवाब: जिन लोगों के पास अपना अकाउंट नहीं है, वो केवाईसी पेपर के जरिए खाता खोल सकते हैं।

ये भी पढ़ें: जानिए, 500 और 1000 रुपये के नोट बंद करने के फैसले से जुड़ी 10 अहम बातें

3. सवाल: कहां बदल सकते हैं 500-1000 के नोट?

जवाब: आरबीआई के 19 कार्यालयों के अलावा किसी भी बैंक में नोट बदल सकते हैं। इसके अलावा पोस्ट ऑफिस में आधार कार्ड, मतदाता पत्र, राशन कार्ड, पासपोर्ट और पैन कार्ड दिखाकर नोट बदल सकते हैं।

4. सवाल: एक बार में कितने नोट जमा कर सकेंगे?

जवाब: एक बार में सिर्फ 4000 रुपए ही मिलेंगे।

5. सवाल: 4000 रुपए से ज्यादा कैश की जरूरत हुई तो क्या करें?

जवाब: अगर 4000 रुपए से ज्यादा कैश चाहिए तो चेक या ऑनलाइन बैंकिंग, मोबाइल वॉलेट, क्रेडिट कार्ड, डेबिट कार्ड के जरिए भुगतान कर सकते हैं।

6. सवाल: क्या सरकार नए नोट निकालेगी?

जवाब: आरबीआई ने 500 के नोट को फिर से डिजाइन किया है और 2000 रुपए का नया नोट निकाला है। ये 10 नवंबर से जारी होगा।

7. सवाल: 10 नवंबर के बाद एटीएम से पैसे निकाल सकते हैं?

जवाब: आरबीआई ने कहा है कि एटीएम में नए नोट डालने में थोड़ा समय लगेगा। 18 नवंबर को 2000 रुपए निकाल सकते हैं। 25 नवंबर के बाद रोजाना 4000 रुपए निकाल सकते हैं।

8. सवाल: अगर किसी के पास अकाउंट नहीं है तो वो क्या करे?

जवाब: अगर किसी व्यक्ति के पास अपना अकाउंट नहीं है तो वो रिश्तेदार या दोस्त के खाते के जरिए नोट बदलने की सुविधा ले सकता है। हालांकि, इसके लिए एक शर्त है। उस व्यक्ति को लिखित अनुमित लेनी होगी। साथ ही खाता धारक द्वारा दिए गए अनुमति का प्रमाण और अपना वैध पहचान पत्र उपलब्ध कराना होगा।

9. सवाल: नोट बदलने की आखिरी डेट क्या है?

जवाब: 30 दिसंबर 2016 तक नोट बदल सकते हैं। अगर किसी वजह से आप नोट नहीं बदल पाए हैं तो परेशान होने की जरूरत नहीं है। 31 मार्च 2017 तक रिजर्व बैंक के घोषणा पत्र के साथ नोट बदलने का आखिरी मौका होगा।

10. क्या हर जगह 500 और 1000 के नोट पर बैन लगा है?

जवाब: नहीं, 11 नवंबर रात 12 बजे तक अस्पतालों, एयरपोर्ट, बस स्टेशन और पेट्रोल पंप पर 500 और 1000 रुपए के नोट लिए जाएंगे।