logo-image

गहलोत को मिला गुजरात में कांग्रेस के प्रदर्शन का ईनाम, बनाए गए संगठन महासचिव

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अशोक गहलोत को जनार्दन द्विवेदी की जगह संगठन प्रभारी महासचिव नियुक्त किया गया है।

Updated on: 30 Mar 2018, 10:55 PM

नई दिल्ली:

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अशोक गहलोत को जनार्दन द्विवेदी की जगह संगठन प्रभारी महासचिव नियुक्त किया गया है।

अध्यक्ष राहुल गांधी ने पार्टी अधिवेशन में कहा था कि वो बुजुर्गों की जगह युवा नेताओं को तरजीह देंगे। ऐसा माना जा रहा है कि गहलोत को इसी क्रम में ये पद दिया गया है। साथ ही गुजरात में कांग्रेस के अच्छे प्रदर्शन का भी उन्हें ईनाम दिया गया है।

राजस्थान के 2 बार मुख्यमंत्री रह चुके अशोक गहलोत पार्टी महासचिव के तौर पर गुजरात के प्रभारी थे। लेकिन अब राजीव साटव को ये प्रभार दिया गया है। गुजरात के प्रभारी के तौर पर उनके काम की कांग्रेस अध्यक्ष ने सराहना भी की है।

वहीं ज़िम्मेदारी मिलने के बाद अशोक गहलोत ने न्यूज़ नेशन से खास बातचीत में कहा कि  'पार्टी अध्यक्ष राहुल गांधी ने एक बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है  मैं उनकी उम्मीदों पर खरा उतरूंगा  मोदी सरकार हर मोर्चे पर विफल रही है  और 2019 में  कांग्रेस के नेतृत्व में सरकार बनने जा रही है।' 

वहीं न्यूज़ नेशन से बातचीत करते हुए राजीव ने कहा कि 'आलाकमान ने जो जिम्मेदारी सौंपी है उसका निर्वाह मैं पूरी ईमानदारी और मेहनत से करूंगा गुजरात में बीजेपी की नैतिक हार हुई है और लोकसभा चुनाव में इसका असर आपको दिखाई देगा।'

पार्टी महासचिव जनार्दन द्विवेदी ने पार्टी में हुए फेर बदल की घोषणा करते हुए कहा, 'कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने अशोक गहलोत को महासचिव नियुक्त किया है और उन्हें संगठन, ट्रेनिंग का प्रभार दिया गया है।'

संगठन का प्रभार जनार्दन द्विवेदी के पास काफी सालों से था।

और पढ़ें: 'दलितों के हित के लिये मायावती को NDA में शामिल होना चाहिये'

अशोक गहलोत 1998 से 2003 और फिर 2008 से 2013 तक राजस्थान के मुख्यमंत्री रहे हैं। कांग्रेस के कद्दावर नेताओं में शुमार किये जाने वाले अशोक गहलोत गांधी परिवार के भी करीबी माने जाते हैं। 

इसके अलावा भी कई बदलाव किये गए हैं जिसमें से प्रमुख तौर पर उड़ीसा का प्रभारी पूर्व केंद्रीय मंत्री जीतेंद्र सिंह को नियुक्त किया गया है। स्थानीय चुनावों में पार्टी के खराब प्रदर्शन के कारण पूर्व प्रभारी बीके हरिप्रसाद ने इस्तीफा दे दिया था। उड़ीसा विधानसभा चुनावों के मद्देनज़र ये बदलाव अहम माना जा रहा है।

इसके अलावा कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने लाल जी देसाई को कांग्रेस सेवादल का मुख्य आयोजक नियुक्त किया है अब तक करीब 10 सालों से इस पद पर महेंद्र जोशी थे। सूत्रों के हवाले से खबर है कि महेंद्र जोशी को मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव में कोई जिम्मेदारी सौंपी जा सकती है। 

और पढ़ें: दिल्ली पुलिस ने गूगल से मांगी ई-मेल आईडी की जानकारी