logo-image

राहुल गांधी ने बनाई कांग्रेस कार्य समिति, इन नेताओं को नहीं मिली जगह, 22 जुलाई को होगी पहली बैठक

बता दें कि मार्च महीने में ही पार्टी ने इनसे संगठन महासचिव की ज़िम्मेदारी ले ली थी और इनकी जगह राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत को पार्टी में संगठन महासचिव की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी थी।

Updated on: 17 Jul 2018, 10:56 PM

नई दिल्ली:

कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने मंगलवार को कांग्रेस वर्किंग कमिटी (CWC) का गठन कर दिया है। कांग्रेस अध्यक्ष ने कमिटी में अनुभवी और युवा दोनों तरह के नेताओं को जगह दी है।

कांग्रेस कार्य समिति में कुल 51 सदस्यों को शामिल किया गया है। इनमें 23 सदस्य, 19 स्थायी आमंत्रित सदस्य और 9 विशेष आमंत्रित सदस्य किए गए हैं। इसके साथ ही राहुल गांधी ने 22 जुलाई को CWC की पहली बैठक बुलाई है।

हालांकि CWC की लिस्ट में करीब डेढ़ दशक तक पार्टी के संगठन महासचिव रहने वाले जनार्दन द्विवेदी को जगह नहीं दी गई है। बता दें कि मार्च महीने में ही पार्टी ने इनसे संगठन महासचिव की ज़िम्मेदारी ले ली थी और इनकी जगह राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत को पार्टी में संगठन महासचिव की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी थी।

द्विवेदी यूपीए अध्यक्ष सोनिया गांधी के काफी नजदीकी माने जाते रहे हैं। इतना ही नहीं इलाज़ के लिए विदेश दौरे पर जा रही कांग्रेस की तत्कालीन अध्यक्ष सोनिया गांधी ने द्विवेदी को उस चार सदस्यीय समिति का हिस्सा बनाया था जिसपर उस दौरान पार्टी को चलाने की ज़िम्मेदारी थी।

द्विवेदी के अलावा दिग्विजय सिंह, कमलनाथ, सुशील कुमार शिंदे, मोहन प्रकाश और सीपी जोशी जैसे बड़े नेताओं को भी कमिटी में जगह नहीं मिली है। 

CWC के स्थायी सदस्यों में राहुल गांधी, सोनिया गांधी, मनमोहन सिंह, मोतीलाल वोरा, ग़ुलाम नबी आज़ाद, मल्लिकार्जुन खड़गे, ए के एंटनी, अहमद पटेल, अंबिका सोनी समेत राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत को भी जगह दी गई है।

बता दें कि गहलोत कांग्रेस अध्यक्ष के काफी क़रीबी माने जाते थे। गुजरात विधानसभा चुनाव में प्रभारी के तौर पर गहलोत ने महत्वपूर्ण भूमिका निभायी थी। जिसके बाद गुजरात चुनाव में कांग्रेस के विधायकों की संख्या 61 से बढ़ कर 77 हो गयी।

और पढ़ें- रविशंकर ने राहुल को दिया 'नई डील' का ऑफर, कहा- तीन तलाक और महिला आरक्षण पर कांग्रेस दे समर्थन