logo-image

जम्मू-कश्मीर: LOC पर पाकिस्तान की तरफ से भारी गोलीबारी जारी, एक जवान शहीद

पाकिस्तानी सेना द्वारा शुक्रवार को किए गए संघर्ष विराम उल्लंघन में सेना के दो जवान शहीद हो गए जबकि दो स्थानीय लोग भी मारे गए।

Updated on: 20 Jan 2018, 01:47 PM

नई दिल्ली:

जम्मू-कश्मीर में अंतर्राष्ट्रीय सीमा पर पाकिस्तानी रेंजर्स की तरफ से लगातार फायरिंग जारी है। पाकिस्तानी सेना भारतीय चौकियों को निशाना बनाकर भारी गोलीबारी कर रही है। 

कृष्णा घाटी में पाकिस्तान की तरफ से हो रहे भारी फायरिंग में एलओसी पर तैनात भारतीय सेना का जवान मंदीप सिंह शहीद हो गए हैं। वहीं अंतर्राष्ट्रीय सीमा पर हुए इस मुठभेड़ में तीन आम लोगों के घायल होने की भी ख़बर है।

पुलिस के मुताबिक पाकिस्तानी रेंजर्स ने सांबा और कठुआ जिलों में अंतर्राष्ट्रीय सीमा पर भारी गोलाबारी और और फायरिंग शुरू कर दी। 'अंतर्राष्ट्रीय सीमा पर सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के जवान करीब 100 चौकियों से पाकिस्तान की गोलीबारी का करारा जवाब दे रहे हैं।'

पुलिस ने कहा कि दोनों पक्षों के बीच गोलीबारी जारी है। अब तक हमारी पक्ष से किसी के भी मारे जाने या कोई नुकसान पहुंचने की खबर नहीं आई है। 

जम्मू क्षेत्र में नियंत्रण रेखा (एलओसी) और अंतर्राष्ट्रीय सीमा के नजदीक रह रहे लोगों में तनाव बना हुआ है। प्रशासन ने स्कूलों को बंद करने के आदेश दे दिए हैं।

प्रांतीय प्रशासन के अधिकारियों ने कहा, 'एलओसी और अंतर्राष्ट्रीय सीमा के पांच किलोमीटर के दायरे में आने वाले सभी स्कूलों को तीन दिनों के लिए बंद रखा जाएगा।'

पाकिस्तानी सेना के शुक्रवार को किए गए संघर्ष विराम उल्लंघन में सेना के दो जवान शहीद हो गए जबकि दो स्थानीय लोग भी मारे गए।

दो स्थानीय लोगों में एक महिला और एक युवक शामिल हैं। इसके साथ ही कई लोग घायल भी हुए हैं।

सांबा सेक्टर में शुक्रवार को बीएसएफ का एक हेड कांस्टेबल शहीद हो गया जबकि राजौरी जिले में एलओसी पर सुंदरबनी सेक्टर में सेना का एक जवान शहीद हो गया।

पाकिस्तानी रेंजर्स की ओर से की गई अंधाधुंध गोलीबारी में दर्जनभर मवेशी भी मारे गए हैं।

पाकिस्तानी रेंजर्स ने शुक्रवार को कठुआ, सांबा और जम्मू जिलों में बीएसएफ की 20 से अधिक चौकियों को निशाना बनाकर हमला किया। जवाबी कार्रवाई करते हुए भारतीय जवानों ने पाकिस्तानी सेना की कई चौकियों को तबाह कर दिया है।

जम्मू-कश्मीर: पुलवामा में आतंकियों का पुलिस स्टेशन पर ग्रेनेड से हमला, 4 पुलिसकर्मी घायल

केंद्रीय गृह राज्य मंत्री हंसराज अहीर ने घटना की निंदा करते हुए कहा कि पाकिस्तान विकृत सोच रखता है और उसकी एक गोली का जवाब भारत 10 गोलियों से देगा।

अहीर ने कहा, 'भारत में आतंकवादियों को भेजना, संघर्ष विराम का उल्लंघन करना उनका (पाकिस्तानियों का) स्वभाव बन गया है। उनकी सोच विकृत है। चाहे हमारा गृह मंत्रालय हो, रक्षा मंत्रालय हो या जम्मू-कश्मीर की पुलिस हो, हर कोई समन्वय बनाए हुए है और पाकिस्तान के दुस्साहस का जवाब देता है।'

उन्होंने कहा, 'गृह मंत्री ने कहा है कि हमें पहले गोलीबारी नहीं करनी चाहिए, लेकिन अगर उस तरफ से एक गोली चलती है तो हमें 10 गोलियों से जवाब देना चाहिए।'

अंतर्राष्ट्रीय सीमा पर आरएस पुरा, रामगढ़ और सुचेतगढ़ क्षेत्रों में शुक्रवार शाम से ही लोगों का पलायन शुरू हो गया है। 

प्रशासन ने सीमावर्ती लोगों के रहने के लिए अस्थाई शिविरों का प्रबंध किया है। हालांकि, अभी तक यह पलायन दूरवर्ती क्षेत्रों से ही हो रहा है, जिसमें अभी तक बड़ी संख्या में सीमावर्ती ग्रामीण शामिल नहीं है।

जम्मू-कश्मीर: पाकिस्तान ने तोड़ा सीजफायर, BSF जवान शहीद और 2 नागरिकों की मौत