logo-image

बिहार के आरा में सड़क हादसे में दो पत्रकारों की कुचलकर मौत, पूर्व मुखिया पर लगा कुचलने का आरोप

बिहार के भोजपुर में एक बार फिर दो पत्रकारों की हत्या कर दी गई है। पूर्व मुखिया ने पत्रकार और उसके साथी को स्कॉर्पियो से रौंदकर मार डाला।

Updated on: 26 Mar 2018, 12:34 PM

highlights

  • बिहार के आरा में सड़क हादसे में दो पत्रकारों की कुचलकर मौत
  • पत्रकारों के परिजनों ने पूर्व मुखिया पर लगया मर्डर का आरोप

नई दिल्ली:

बिहार के भोजपुर में एक बार फिर दो पत्रकारों की हत्या कर दी गई है। पूर्व मुखिया ने पत्रकार और उसके साथी को स्कॉर्पियो से रौंदकर मार डाला। इस बात का आरोप पत्रकार के परिजनों ने लगाया है।

घटना आरा-सासाराम स्टेट हाईवे पर गड़हनी थाना क्षेत्र के नहसी गांव के नजदीक घटी। बताया जा रहा है कि किसी बात को लेकर पत्रकार और पूर्व मुखिया के बीच बहस हो गई थी।

दोनों मृतक गड़हनी थाना के ही रहने वाले हैं। एक का नाम नवीन निश्चल था तो दूसरे का नाम विजय सिंह बताया जा रहा है। नवीन एक हिंदी दैनिक के लिए कार्य करते थे।

घटना की सूचना मिलते ही लोगों का गुस्सा भड़क उठा। गुस्साये लोगों ने स्कॉर्पियो को फूंक दिया और शव के साथ रोड जाम कर दिया। घटना के बाद आसपास के इलाके में तनाव फैल गया है।

एसपी अवकाश कुमार के निर्देश पर गड़हनी व चरपोखरी सहित कई थानों की पुलिस कैंप कर रही है। ग्रामीण घटना में शामिल गड़हनी के पूर्व मुखिया की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।

इसे भी पढ़ेंः महिला पत्रकार के साथ बदसलूकी मामले में दिल्ली पुलिस के दो कॉन्सटेबल सस्पेंड

सड़क जाम कर रहे लोगों ने बताया कि पूर्व मुखिया व पत्रकार के बीच पहले से ही विवाद था। रविवार को भी पूर्व मुखिया के परिजन व पत्रकार के बीच गड़हनी बाजार में नोकझोंक हुई थी।

इस मामले में अभी तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हो पाई है। घटना को लेकर पुलिस जांच पड़ताल में जुट गई है।

सभी राज्यों की खबरों को पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें