logo-image

य़ूपी चुनाव: आखिरी चरण में अखिलेश का मोदी पर तंज, कहा- कमाल के है अपने पीएम

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने सोमवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधते हुए कहा कि अपने पीएम भी कमाल के हैं।

Updated on: 06 Mar 2017, 02:43 PM

highlights

  • पीएम मोदी पर अखिलेश का निशाना, बिजली को बांटा हिंदू-मुसलमान के खांचे में
  • अखिलेश ने कहा पीएम ने जौनपुर को दिया ही क्या, आप भी उन्हें खाली हाथ भेज दो 
  • बीजेपी ने अच्छे दिन के सपने दिखाए मगर अपना वादा पूरा नहीं किया                                                                                                                                                                                                                                     

नई दिल्ली:

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने सोमवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधते हुए कहा कि अपने पीएम भी कमाल के हैं। उन्होंने बिजली को भी हिंदू-मुसलमान के खांचे में बांट दिया।

विधानसभा चुनाव के अंतिम चरण के मतदान से पहले प्रचार के लिए यहां पहुंचे मुख्यमंत्री ने कहा, 'पीएम ने आरोप लगाया कि हिंदुओं को कम और मुसलमानों को अधिक बिजली दी जा रही है। हमने आंकड़े के साथ उनके इस सवाल का जवाब भी दे दिया है। हमने तो उन्हें चुनौती देते हुए कहा कि गंगा मइया की कसम खाकर बताएं कि वाराणसी को 24 घंटे बिजली मिल रही है कि नहीं।'

इसे भी पढ़ें: बलात्कार के आरोपी गायत्री प्रजापति की गिरफ्तारी पर रोक लगाने की अर्जी को SC ने किया खारिज

अखिलेश ने कहा, 'कुछ दिनों पहले प्रधानमंत्री भी यहां वोट मांगने आए थे। उन्होंने जौनपुर को तीन वर्षो में क्या दिया है? इसलिए जौनपुर की जनता को पीएम को भी खाली हाथ ही यहां से भेजना होगा।' मुख्यमंत्री ने कहा कि बनारस में जिस दिन कांग्रेस और सपा का संयुक्त रोड शो हुआ, उसके बाद से ही पूरे बनारस ने गठबंधन के पक्ष में होने का फैसला कर लिया।

अखिलेश ने कहा, 'बनारस में पता कर लेना कि हवा का रुख क्या है? सपा-कांग्रेस रोड शो ने विरोधियों को परेशान कर दिया है।'

इसे भी पढ़ें:  यूपी चुनाव के आखिरी दिन राहुल अखिलेश की साझा प्रेस कांफ्रेंस रद्द

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि तीन साल पहले भाजपा वालों ने अच्छे दिन के सपने दिखाए थे, लेकिन उन्होंने अपना वादा पूरा नहीं किया। समाजवादियों की सरकार ने पांच वर्षो के भीतर ही सड़क, बिजली, पानी और स्वास्थ्य सुविधाओं में इजाफा करने का काम किया है।