logo-image

यूपी निकाय चुनाव: बीजेपी का शानदार प्रदर्शन, कांग्रेस, एसपी हुई कमजोर

महापौर की कुल 16 सीटों में से 14 बीजेपी के पक्ष में, जबकि अलीगढ़ और मेरठ की सीट पर बीएसपी ने कब्जा जमाया है। एसपी और कांग्रेस का खाता नहीं खुल सका है।

Updated on: 01 Dec 2017, 10:17 PM

नई दिल्ली:

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव की तरह नगर निकाय चुनावों में भी भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने जोरदार जीत हासिल की है।

महापौर की कुल 16 सीटों में से 14 बीजेपी के पक्ष में, जबकि अलीगढ़ और मेरठ की सीट पर बीएसपी ने कब्जा जमाया है। एसपी और कांग्रेस का खाता नहीं खुल सका है।

महापौर के अलावा नगर निगम पार्षदों के 1300 पदों में से अब तक घोषित 1005 परिणामों में भी बीजेपी 459, एसपी 157, बीएसपी 126 और कांग्रेस 78 सीटें जीत चुकी हैं।

अयोध्या-फैजाबाद नगर निगम मेयर पद पर भाजपा प्रत्याशी ऋषिकेश जायसवाल ने अपनी निकटतम प्रतिद्वंद्वी एसपी की गुलशन बिंदु को 3601 मतों से पराजित किया। 

वाराणसी नगर निगम महापौर पद पर बीजेपी प्रत्याशी मृदुला जायसवाल ने अपनी निकटतम प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस की शालिनी को 78,843 मतों से पराजित किया। 

यूपी निकाय चुनावः योगी ने बोला कांग्रेस पर हमला, कहा- गुजरात की बात करने वाले अमेठी भी नहीं बचा पाए

सहारनपुर नगर निगम मेयर पद पर बीजेपी प्रत्याशी संजीव वालिया ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी बीएसपी के फजल उर रहमान को दो हजार मतों से पराजित किया। 

मुरादाबाद नगर निगम महापौर पद पर बीजेपी प्रत्याशी विनोद अग्रवाल ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस के मोहम्मद रिजवान कुरैशी को 21 हजार 635 मतों से पराजित किया। 

अलीगढ़ नगर निगम मेयर पद पर बीएसपी प्रत्याशी मुहम्मद फुरकान ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी बीजेपी के राजीव कुमार को 10 हजार 11 मतों से पराजित किया। 

झांसी नगर निगम महापौर पद पर बीजेपी प्रत्याशी रामतीर्थ सिंघल ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी बीएसपी के बृजेन्द्र कुमार व्यास को 16 हजार 373 मतों से पराजित किया।

निकाय चुनाव के तुंरत बाद योगी सरकार ने किया बिजली दरों में इजाफा

फिरोजाबाद नगर निगम महापौर पद पर बीजेपी प्रत्याशी नूतन राठौर ने अपनी निकटतम प्रतिद्वंद्वी आल इण्डिया मजलिस इत्तेहादुल मुस्लिमीन की मसरूर फातिमा को 42 हजार 396 मतों से पराजित किया।

नवगठित मथुरा नगर निगम महापौर पद पर बीजेपी प्रत्याशी मुकेश ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस के मोहन सिंह को 22 हजार 108 मतों से पराजित किया। 

गोरखपुर नगर निगम महापौर पद पर बीजेपी प्रत्याशी सीताराम जायसवाल ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी एसपी के राहुल को 75 हजार 972 मतों से पराजित किया। वर्ष 2012 के नगर निकाय चुनाव में बीजेपी ने 12 में से 10 महापौर सीटें जीती थीं। 

विपक्ष मिलकर भी बीजेपी का नहीं कर पाई मुकाबला: दिनेश शर्मा

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राज्य के नगर निकाय चुनाव में बीजेपी को मिली जीत का श्रेय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की नीतियों और बीजेपी अध्यक्ष अमित शाह की रणनीति को देते हुए इसके लिए पार्टी के तमाम नेताओं और अपने मंत्रिमण्डलीय सहयोगियों को धन्यवाद दिया। 

योगी ने संवाददाताओं से कहा कि प्रदेश नगर निकाय चुनाव में बीजेपी को मिली ऐतिहासिक विजय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विकास के विजन और बीजेपी अध्यक्ष अमित शाह की रणनीतिक कुशलता का परिणाम है।

उन्होंने कहा कि निकाय चुनावों का परिणाम प्रधानमंत्री द्वारा भारत को आर्थिक महाशक्ति बनाने के लिए उठाए गए कदमों पर जनता की मुहर है।

उन्होंने कहा, 'मैं विश्वास व्यक्त करता हूं कि हम उम्मीदों पर खरा उतरेंगे। वर्ष 2019 के लोकसभा चुनाव में बीजेपी शत प्रतिशत परिणाम पाने के लिए अग्रसर होगी।'

यूपी निकाय चुनाव: कुमार विश्वास ने बीजेपी को दी जीत की बधाई

बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र नाथ पांडेय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नीतियों एवं यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के करिश्माई नेतृत्व की वजह से बीजेपी को जीत मिली है। इस जीत से यह साबित हो गया है कि जनता का विश्वास अभी भी बीजेपी में कायम है। 

लोकसभा एवं विधानसभा चुनाव में निराशाजनक प्रदर्शन करने वाली कांग्रेस एवं एसपी को एक बार फिर निराशा हाथ लगी। मेयर के चुनाव में दोनों पार्टियों का खाता नहीं खुल पाया है। हालांकि एसपी ने नगर पालिका के चुनाव में ठीक ठाक प्रदर्शन किया है। 

गौरतलब है कि प्रदेश के 16 नगर निगमों, 198 नगर पालिकाओं और 438 नगर पंचायतों के लिए तीन चरणों में गत 22, 26 और 29 नवम्बर को कुल करीब 52़5 प्रतिशत मतदान हुआ था। नगर निकाय चुनाव में पहली बार सभी पार्टियों ने अपने चुनाव चिन्ह पर चुनाव लड़ा है।

भारत को धार्मिक आधार पर नहीं बांटा जाना चाहिए : बराक ओबामा