logo-image

त्रिपुरा के सीएम बिप्लब देब ने फिर दिया विवादित बयान, कहा- डायना हेडन नहीं थी ताज के काबिल, वो इंडियन ब्यूटी नहीं

त्रिपुरा के मुख्यमंत्री बिप्लब देब ने कहा कि कॉस्मेटिक माफिया की नज़र भारत पर है और उनकी नजर 125 करोड़ भारतीयों पर है।

Updated on: 27 Apr 2018, 09:02 AM

नई दिल्ली:

भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) नेता और त्रिपुरा के मुख्यमंत्री बिप्लब देब एक बार फिर अपने विवादित बयान से सुर्खियों में आ गए है। बिप्लब ने अंतराष्ट्रीय सौंदर्य प्रतियोगिता को तमाशा बताते हुए 21 साल पहले डायना हेडेन को मिस वर्ल्ड चुने जाने पर सवाल उठाए है।

वहीं उन्होंने साल 1994 में मिस वर्ल्ड का ताज पहनने वाले ऐश्वर्या राय की तारीफ करते हुए उन्हें भारतीय महिलाओं की सुंदरता का सही प्रतिनिधि बताया है।

बिप्लब ने कहा कि कॉस्मेटिक माफिया की नज़र भारत पर है और उनकी नजर 125 करोड़ भारतीयों पर है।

उन्होंने कहा, 'पहले भारतीय महिलाएं डेंड्रफ से निजात पाने के लिए शैंपू लगाने की जगह बालों को धोने के लिए स्थानीय पत्तियों का इस्तेमाल करती थीं। भारतीय महिलाओं ने जब मिस वर्ल्ड जैसी प्रतियोगिताएं जीतना शुरू किया तो विदेशी कंपनियों के सौंदर्य उत्पाद भारतीय बाजारों में आने शुरू हुए'

बिप्लब ने एक कार्यक्रम में कहा, 'सौंदर्य प्रतियोगिताओं के आयोजन इंटरनेशनल मार्केटिंग माफिया हैं, जिन्होंने एक देश में बड़ा बाजार देखा है। उन्होंने कहा कि आज देश के हर कोने में एक ब्यूटी पार्लर है।'

मुख्यमंत्री ने कहा, 'लगातार पांच साल तक हमने मिस वर्ल्ड या मिस यूनिवर्स खिताब जीते। डायना हेडेन ने भी जीता। क्या आपको लगता है कि उन्हें सही में खिताब जीतना चाहिए था?''

उन्होंने कहा कि वे 1997 की मिस वर्ल्ड प्रतियोगिता की निर्णय प्रक्रिया को नहीं समझ पाए, जिसमें डायना ने खिताब जीता था।

बिप्लब ने कहा, हम महिला को देवी लक्ष्मी, सरस्वती के रूप में देखते हैं। ऐश्वर्या राय भी भारतीय महिला की प्रतिनिधि हैं। वे मिस वर्ल्ड बनी तो ये ठीक है। लेकिन मैं डायना हेडेन की खूबसूरती नहीं समझ पा रहा हूं।

उन्होंने कहा, 'क्यों और सुंदरियां भारत से नहीं आई? वे (सौंदर्य प्रतियोगिता के आयोजक) हमारे देश में मार्केट कब्जा चुके हैं और अब वे कहीं और यही कर रहे हैं।'

हाल ही में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बीजेपी नेताओं को अपने बयानों में विवादों से दूर रहने की सलाह दी थी।

बता दे कि इससे पहले त्रिपुरा के मुख्यमंत्री बिप्लब देब ने कहा था कि भारत में इंटरनेट और सैटेलाइट कम्युनिकेशन का आविष्कार महाभारत काल में ही हो गया था।

और पढ़ें: चीन में शी जिनपिंग से मिलेंगे पीएम मोदी, करेंगे नौका विहार, ये है दिनभर का कार्यक्रम