logo-image

केंद्रीय मंत्री अश्विनी चौबे ने राहुल गांधी पर दिया विवादित बयान, तेजस्वी यादव ने किया पलटवार

केंद्रीय मंत्री और राज्य स्वास्थ्य मंत्री अश्विनी चौबे के राहुल गांधी पर विवादित बयान के बाद राजनीति खेमे में हंगामा खड़ा हो गया है।

Updated on: 01 Sep 2018, 06:33 PM

नई दिल्ली:

केंद्रीय मंत्री और राज्य स्वास्थ्य मंत्री अश्विनी चौबे के राहुल गांधी पर विवादित बयान के बाद राजनीति खेमे में हंगामा खड़ा हो गया है। अश्विनी चौबे की विवादित टिप्पणी के बाद आरजेडी नेता और बिहार के पूर्व डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव ने पलटवार किया। तेजस्वी ने केंद्रीय मंत्री पर निशाना साधते हुए कहा कि भगवान उन्हें को सद्बुद्धि दे। आरजेडी नेता ने ट्वीट कर लिखा, 'परम ज्ञानी-ध्यानी पंडित श्री चौबे बाबा को भगवान सदबुद्धि दें। परम परमेश्वर उनकी भक्ति में बरकत प्रदान करें। दुर्भाग्यपूर्ण है आदरणीय प्रधानमंत्री जी ने चुन-चुनकर ऐसे दुर्लभ नगीने अपने मंत्रीमंडल में रखे है ताकि देश में एक नई निम्नस्तरीय भाषाई संस्कृति विकसित कर सकें। ॐ शांति ओम्'

बता दें कि केंद्रीय मंत्री अश्विनी चौबे ने कांग्रेस अध्यक्ष को लेकर विवादित बयान दिया। पीएम मोदी और राहुल गांधी की तुलना के दौरान केंद्रीय मंत्री ने आपत्तिजनक टिप्पणी कर डाली। केंद्रीय मंत्री ने अपने बयान पर कहा, 'प्रधानमंत्री गगन के जैसा, और जो आज का कांग्रेस का अध्यक्ष है उनका आकर कैसा, नाली के कीड़े जैसा।' केंद्रीय मंत्री अश्विनी कुमार चौबे बिहार के सासाराम से स्वास्थ्य मंत्री है।

बिहार के सासाराम में पत्रकारों से बातचीत करते हुए अश्विनी चौबे ने राहुल गांधी को मेंटल स्किजोफ्रेनिया बीमारी का शिकार और नाली का कीड़ा बता दिया।

राहुल गांधी को लेकर स्किजोफ्रेनिया बीमारी का विश्लेषण करते हुए अश्विनी चौबे ने कहा कि यह ऐसी बीमारी है, जिसमें व्यक्ति दूसरे को पागल समझता है, लेकिन खुद वह क्या है उसे नहीं समझ में आता। केद्रीय मंत्री ने ये भी कहा कि राफेल विमान डील को लेकर राहुल गांधी प्रधानमंत्री पर कीचड़ फेंक रहे हैं और उनके खिलाफ दुष्प्रचार कर रहे हैं। 

और पढ़ें: 31 अगस्‍त तक 5.42 करोड़ लोगों ने भरा ITR, पिछले साल से 71 फीसदी ज्‍यादा है संख्‍या

बीजेपी और कांग्रेस के पार्टी नेताओं की शब्दावली के कारण पहले भी बवाल हो चुका है। इससे पहले कांग्रेस नेता मणिशंकर प्रधानमंत्री पीएम मोदी को लेकर विवादित बोल बोल चुके हैं, जिसके कारण वह पार्टी से निलंबित भी हो चुके हैं। अय्यर ने प्रधानमंत्री को एक 'नीच आदमी' कहा था।

मणिशंकर अय्यर ने गुजरात के 2002 दंगों को लेकर पीएम मोदी पर सीधा निशाना साधा है। अय्यर ने दिल्ली में एक कार्यक्रम में कहा कि उन्होंने 2014 से पहले नहीं सोचा था कि मुसलमानों को पिल्ला समझने वाला एक मुख्यमंत्री भारत का प्रधानमंत्री बन सकता है। इससे पहले भी मणिशंकर अय्यर अपने विवादित बयानों के कारण चर्चा में रह चुके हैं।