logo-image

रिम्स में कुत्तों ने उड़ाई लालू यादव की रातों की नींद, जेडीयू ने मुहावरे से कसा तंज

चारा घोटाला मामले में सजा काट रहे राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) के अध्यक्ष लालू प्रसाद रांची के एक अस्पताल में इलाज करा रहे हैं।

Updated on: 03 Sep 2018, 04:48 PM

नई दिल्ली:

चारा घोटाला मामले में सजा काट रहे राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) के अध्यक्ष लालू प्रसाद रांची के एक अस्पताल में इलाज करा रहे हैं, और उन्हें वहां कुत्ते और मच्छर से डरने की खबर है। इसपर बिहार में सत्ताधारी जनता दल (युनाइटेड) ने तंज कसा है। जेडीयू ने कहा कि आरजेडी के शासनकाल में भी बिहार की जनता बहुत डरी हुई थी। 'बोए पेड़ बबूल का तो आम कहां से हो गए'। बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद इस वक्त रांची के राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान (रिम्स) में भर्ती हैं। लालू के करीबी और राजद के विधायक भोला यादव ने रविवार को कहा कि लालू प्रसाद अस्पताल में कुत्तों से ही परेशान हो गए। 

उन्होंने शिकायत की है कि कुत्तों के भौंकने की वजह से रात में उनकी नींद बार-बार टूट जाती है। उन्होंने रिम्स के नए बने पेइंग वार्ड में खुद को शिफ्ट करने की मांग की है।

और पढ़ें: कर्नाटक : कांग्रेस की विजय रैली में एसिड अटैक, 8 कार्यकर्ता जख्मी

उन्होंने कहा कि अस्पताल में मच्छर भी हैं, जिससे उन्हें डेंगू का भय बना रहता है। इस खबर के मीडिया में आने के बाद जेडीयू के प्रवक्ता नीरज कुमार ने सोमवार को तंज कसते हुए ट्वीट किया, 'अब देखिए। अभी तक तो अदालत से ही बाहर रहने का गुहार लगा रहे थ़े, अब 'कुत्ता' और 'मच्छर' से भी डर लगने लगा। महोदय, आपके राज में बिहार की जनता भी बहुत डरी हुई थी। कहावत है न 'बोए पेड़ बबूल का तो आम कहां से होए।'

उल्लेखनीय है कि पिछले हफ्ते लालू की जमानत बढ़ाए जाने की याचिका ठुकरा दिए जाने के बाद उन्हें फिर से जेल जाना पड़ा था। हालांकि, बाद में उन्हें इलाज के लिए रिम्स भेज दिया गया।