logo-image

हरियाणा ने यमुना में छोड़ा पानी, दिल्ली पर मंडराया बाढ़ का खतरा

दिल्ली में यमुना का जलस्तर खतरे के निशान के करीब पहुंच गया है

Updated on: 27 Jul 2018, 11:12 AM

नई दिल्ली:

दिल्ली में यमुना का जलस्तर खतरे के निशान के करीब पहुंच गया है। हरियाणा सरकार ने यमुना नगर के हथिनीकुंड बैराज से यमुना में करीब एक लाख 15 हजार क्यूसेक पानी छोड़ा है और लगातार हो रही बारिश के बाद से यमुना का जलस्तर खतरे के निशाना के करीब पहुंच गया है।

एएनआई ने ट्वीट कर बताया कि गुरुवार सुबह 1,15,000 क्यूसेक पानी हथिनीकुंड बैराज से छोड़ा गया। इसके चलते यमुना का जलस्तर 203.83 मीटर तक पहुंच गया है, जो खतरे के निशान से 17 सेंटीमीटर कम है। बता दें कि युमना में 204 मीटर जलस्तर खतरे की निशानी है।

गुरूवार को एक अधिकारी ने बताया कि दिल्ली सरकार के बाढ़ एवं सिंचाई विभाग को अंदेशा है कि छोड़ा गया पानी शुक्रवार तक राष्ट्रीय राजधानी पहुंच जाएगा जिसे लेकर एक अलर्ट जारी किया गया है। 

ऐसे में अगर लगातार बारिश होती रही तो यमुना का जलस्तर खतरे के निशान के ऊपर जाने की आशंका है। जिससे दिल्ली में यमुना के आस-पास बसे इलाकों में बाढ़ आ सकती है। साथ ही, अगर पहाड़ी इलाकों में लगातार बारिश हुई तो आने वाले दिनों में राजधानी में बाढ़ आने का खतरा है।

और पढ़ें- दिल्ली-एनसीआर में लगातार हो रही है बारिश से जगह जगह जलभराव