logo-image

MP में PM: मोदी ने गांधी परिवार पर साधा निशाना-दशकों किया शासन पर नहीं समझा जनता का सामर्थ्य

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को मध्य प्रदेश में कई शहरी विकास परियोजनाओं का उद्घाटन किया और जनसभा को संबोधित किया।

Updated on: 23 Jun 2018, 09:14 PM

भोपाल:

मध्य प्रदेश को विकास कार्यो की सौगात देने आए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने तरकश से एक-एक तीर निकालकर कांग्रेस पर जमकर निशाने साधे। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की केंद्र सरकार ने जो काम चार साल में किए, उसे पूरा करने में कांग्रेस सरकार को 30 साल लग जाते। 

मोदी ने प्रदेश की शिवराज सिंह चौहान सरकार के कार्यो की भी सराहना की। इसके साथ ही सिंचाई कार्य़ में हुई वृद्धि और कृषि विकास दर का भी जिक्र किया।

कांग्रेस पर साधा निशाना
मोदी ने बगैर नाम लिए गांधी परिवार और कांग्रेस पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि देश पर लंबे समय तक शासन करने वाला दल देशवासियों के सामर्थ्य को ही नहीं समझ पाया।

मोदी ने राजगढ़ के मोहनपुरा में वृहद सिंचाई परियोजना का लोकार्पण करने के बाद कहा, 'बीते चार वर्षों में वर्तमान सरकार ने कभी निराशा और हताशा की बात नहीं की। हम संकल्प लेकर आगे बढ़ने की बात करते हैं, कई दशकों तक शासन में रहने वाला दल हताशा और निराशा की बात करता था, क्योंकि उन्होंने इस देश की जनता के सामर्थ्य को ही नहीं समझा।'

मोदी ने बगैर किसी का नाम लिए कहा, 'जो लोग देश में भ्रम और झूठ फैला रहे हैं, उन्हें जमीनी हकीकत का पता ही नहीं है। इस देश में सिर्फ एक परिवार को महिमामंडित करने का काम किया गया और महान सपूतों को भुला दिया गया।'

इंदौर के नेहरू स्टेडियम में प्रधानमंत्री मोदी ने खुलकर कांग्रेस पर हमले बोले। उन्होंने देश की विकास रफ्तार धीमी होने के लिए कांग्रेस को जिम्मेदार ठहराया।

प्रधानमंत्री ने कहा, 'कांग्रेस के काल में आवास योजनाएं कैसे बना करती थी, उनका नामकरण कैसे होता था, यह देश का बच्चा बच्चा जानता है, बीते चार साल में आवास बनाने के काम में तेजी आई है, चार साल में जितने मकान बने हैं, उतने 30 सालों में बनते।'

श्यामा प्रसाद मुखर्जी को किया याद

मोदी ने श्यामा प्रसाद मुखर्जी के बलिदान को याद करते हुए उनके द्वारा भूमि सुधार के लिए किए गए कार्य का भी जिक्र किया। मोदी ने कहा कि यह भी बहुत बड़ा संयोग है कि आज देश के महान सपूत श्यामा प्रसाद मुखर्जी की पुण्य तिथि है। 23 जून के दिन ही कश्मीर में उनकी रहस्यमय परिस्थितियों में मृत्यु हुयी थी। मैं आज के इस अवसर पर उन्हें पुण्य स्मरण करता हूं, उनको नमन करता हूं और आदरपूर्वक श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं।

इसे भी पढ़ें: बुखारी की हत्या के हवाले BJP MLA ने कश्मीरी पत्रकारों को दी चेतावनी 

स्वच्छता की मिसाल बना इंदौर

इसके बाद पीएम मोदी ने इंदौर में भी एक जनसभा को संबोधित किया। पीएम मोदी ने कहा कि इंदौर शहर के लोगों ने सहभागिता और जनभागीदारी का ऐसा उदाहरण पेश किया है जो अभूतपूर्व है। स्वच्छता के संबंध में आज पूरा देश इंदौर से प्रेरणा ले रहा है।

पीएम मोदी ने कहा कि इंदौर शहर में आज जो सफलता की कहानी लिखी गई है उसके पीछे इस शहर की जनता की जीवटता, सहयोग की भावना और शहर के प्रति अपनापन सबसे बड़ा कारण रहा है। इंदौर शहर की सफलता का इतिहास जनभागीदारी की सफलता का इतिहास है।

मध्य प्रदेश के सभी शहर खुले में शौच से मुक्‍त

उन्होंने कहा कि ये प्रयास एक बड़ी वजह हैं कि मध्य प्रदेश के सभी शहर खुद को खुले में शौच से मुक्‍त घोषित कर चुके हैं। देश में 8 करोड़ 30 हजार से ज्यादा शौचालयों का निर्माण किया है। सिर्फ मध्य प्रदेश में 65 लाख से ज्यादा शौचालयों का निर्माण हुआ है।

IANS के इनपुट के साथ 

इसे भी पढ़ें: चैंपियंस ट्रॉफी हॉकी: पहले मुकाबले में भारत ने पाक को 4-0 से हराया